बाहुबली: द एपिक का ट्रेलर एसएस राजामौली ने रिलीज कर दिया है। अक्टूबर 31 को रिलीज होने जा रही इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलने के संकेत सामने आ रहे हैं।

बीते दिन मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। बाहुबली द बिगनिंग और ‘बाहुबली 2: द कंक्लूजन के बाद एसएस राजामौली एक बार फिर ‘बाहुबली : द एपिक’ से धमाकेदार वापसी कर रहे हैं। राजामौली ने इसे ‘बाहुबली’ की 10वीं वर्षगांठ का जश्न बताया है।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसके साथ कैप्शन में लिखा, “तैयार हो जाइए। आ गया है ‘बाहुबली : द एपिक’ का जबरदस्त ट्रेलर।” याद दिला दें कि ‘बाहुबली: द एपिक’, ‘बाहुबली: द बिगनिंग’ (2015) और ‘बाहुबली 2: द कंक्लूजन’ (2017) का कोलाब और नया एडिशन होगा।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि इसमें दोनों फिल्मों के चुनिंदा दृश्यों को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। कुछ सीन में बदलाव जोड़े गए हैं, जो दर्शकों को नया अनुभव देंगे।
राजामौली ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा खुद की थी। ‘बाहुबली: द बिगनिंग’ के दस साल पूरे होने पर उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी सेक्शन पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “बाहुबली : एक सफर की शुरुआत, अनगिनत यादें, अनंत प्रेरणा। दस साल पूरे।”
‘बाहुबली: द बिगनिंग’ 10 जुलाई 2015 को रिलीज हुई थी, फिल्म भारतीय सिनेमा में भव्यता का नया मानक बनी थी और इसमें प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी और तमन्ना भाटिया जैसे सितारों ने अभिनय किया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था।
‘बाहुबली 2’ की बात करें तो साल 2017 में इसे दुनिया भर में 9,000 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज किया गया था। करीब 250 करोड़ रुपए के बजट से बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 1,800 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की। यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है।
अब अनुमान है कि ‘बाहुबली: द एपिक’ के माध्यम से राजामौली एक बार फिर दर्शकों को उन पुरानी यादों को ताज़ा करते हुए माहिष्मति की दुनिया में ले जाएंगे।













