आज से सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इन दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे की पाली से शुरू हो रही है। देश के अलावा विदेशों के 26 देशों में भी यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस वर्ष परीक्षा में कुल 43 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।

पहले दिन दसवीं कक्षा का गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक), जबकि बारहवीं का बायो-टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा होनी है। इसलिए साथ ही स्कूलों से कहा गया है कि प्रश्नपत्र से जुड़ा कोई मुद्दा हो तो उसी दिन बोर्ड से संपर्क किया जाए। परीक्षा के दिनों में छात्रों को भ्रामक जानकारियों और प्रश्नपत्र लीक होने जैसी अफवाहों से बचने के लिए कहा गया है। बोर्ड द्वारा साझा जानकारी में कहा गया है कि, विद्यार्थी और अभिभावक सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी तरह की जानकारी के लिए स्कूल, आधिकारिक वेबसाइट और क्षेत्रीय कार्यालयों से संपर्क करें।
बोर्ड द्वारा जारी गाइड लाइन में परीक्षार्थियों को कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थी को सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा कक्ष में एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, छात्र स्कूल आईडी, नीले रंग का पेन, पेंसिल, स्केल, रबर और पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैमरा या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा बैग, पर्स, किताब या किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है।
संबद्ध स्कूलों को निर्देश देते हुए बोर्ड ने कहा है कि प्रश्नपत्र से जुड़ी आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही भेजी जाएं। जिस दिन परीक्षा हो, उसी दिन आपत्ति दर्ज करना अनिवार्य होगा। देर से या अस्पष्ट अथवा निर्देशों के अनुरूप न होने वाली शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। सभी टिप्पणियां केवल ओईसीएमएस पोर्टल पर अपलोड की जाएं और आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित ईमेल आईडी पर ही विवरण भेजा जाए।
गौरतलब है कि बोर्ड ने सभी स्कूल प्रमुखों से सहयोग की अपील की है, जिससे जरूरत पड़ने पर समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। बोर्ड के अनुसार, कुछ स्कूलों द्वारा गलत ईमेल आईडी पर टिप्पणियां भेजने, देरी से आपत्ति दर्ज करने और अस्पष्ट शिकायतें भेजने के मामले सामने आए हैं। ऐसे में प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, परीक्षा नियंत्रक डॉक्टर संयम भारद्वाज ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम से होने वाले ट्रैफिक जाम या रूट डायवर्जन को देखते हुए, छात्र समय प्रबंधन करें। ऐसे में उचित होगा कि मार्जिन लेकर निकलें ताकि स्थानीय ट्रैफिक या मौसम से जुड़ी समस्या होने पर भी निर्धारित समय पर पहुंचा जा सके।













