सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन

आज हजारों अभ्यर्थियों ने लखनऊ के ईको गार्डेन में प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की ओर से आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का आरोप लगाने वाले इन छात्रों ने भर्ती बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि परीक्षा फिर से ली जाए । प्रदर्शनस्थल पर पुलिस बल मौजूद रहा।

सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों से लिखित परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने के संबंध में प्रमाण मांगे हैं। अभ्यर्थियों को साक्ष्यों तथा प्रमाणों सहित अपना प्रत्यावेदन, बोर्ड की ई-मेल आईडी पर भेजने की बात कही गई है। आगे की कार्यवाई प्राप्त तथ्यों के आधार पर किये जाने की बात कही गई है।

बताते चलें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस भर्ती परीक्षा लीक मामले में सवाल उठाए थे। योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने पेपर लीक की कई ख़बरों को साझा किया था।

अपने बयान में अखिलेश यादव का कहना है कि- ‘यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 2024 के सभी सत्रों का पेपर लीक होने की खबर सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट के साथ फैल रही है, जिससे लाखों बेरोजगार युवाओं में आक्रोश का माहौल है। पिछली अन्य परीक्षाओं की तरह इस बार भी रोजगार देने के नाम पर पेपर लीक होने की जो आशंका थी वो सच होकर, समाचारों के रूप में सामने आ रही है।’

गौरतलब है कि परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में दावों तथा त्रुटियों की जांच हेतु एडीजी/सदस्य सचिव की अध्यक्षता में आंतरिक जांच समिति का गठन किया जा चुका है।

इसी माह की 17 और 18 फरवरी को चार पालियों में हुई लिखित परीक्षा के संबंध में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म और अखबारों में कुछ प्रश्न पत्रों के संबंध में सूचनाएं वायरल होने की खबरें प्रकाशित हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *