भारतीय सेना के लिए आज का दिन यादगार होने वाला है। यह देश की महिलाओं के लिए ऐतिहासिक बन सकेगा। दरअसल यह पहला अवसर होगा जब नेशनल डिफेन्स एकेडमी के पहले महिला बैच की कैडेट्स पास आउट होकर अधिकारी बनेंगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, देहरादून के इंडियन मिलिटरी अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में 9 महिला कैडेट भारतीय थलसेना में अधिकारी के तौर पर शामिल होंगी, जबकि हैदराबाद के डुंडीगल एयर फोर्स अकादमी से 5 महिला कैडेट भारतीय वायुसेना में अधिकारी के तौर पर कमीशन होंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आईएमए की पासिंग आउट परेड की समीक्षा करेंगी, जबकि डुंडीगल एयर फोर्स अकादमी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि अभी तक एनडीए में महिलाओं के लिए गुंजाईश नहीं थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जून 2022 में महिलाओं को एनडीए में प्रवेश का विकल्प खुला। इस बार आईएमए से कुल 515 कैडेट पास आउट होंगे। इनमें 16 देशों के 34 विदेशी कैडेट भी शामिल हैं।
बताते चलें कि इनमें एनडीए के पहले महिला बैच की 9 महिला कैडेट्स भी हैं। वहीं, भारतीय वायुसेना के 217वें कोर्स के फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच के कुल 231 फ्लाइट कैडेट प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग पूरा कर रहे हैं। इनमें 194 पुरुष और 37 महिला कैडेट शामिल हैं। इन 37 महिला कैडेट्स में से 5 एनडीए के पहले महिला बैच की हैं।