राम मंदिर: SC हिंदुओं की भावनाओं की अनदेखी कर रहा है- भाजपा सांसद

लखनऊ। देश की सर्वोच्च अदालत में रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद की सुनवाई जनवरी तक टलने के बाद लगतार बयानबाजी का दौर जारी है, इस मुद्दे पर पहले ही संत समाज काफी आक्रोशित है वहीं दूसरी ओर अब बीजेपी के नेताओं ने भी इस मुद्दे पर तल्ख टिप्पणी करके इस मामले को और तूल दे दिया है।

बलरामपुर से बाहुबली बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राम मंदिर पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सुप्रीम कोर्ट 100 करोड़ हिंदुओं की भावनाओं की अनदेखी कर रहा है, जो कि बिल्कुल भी सही नहीं है।

बलरामपुर के हनुमान गढ़ी मंदिर के हनुमान जयंती महोत्सव में शिरकत करने पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब धैर्य नहीं रखा जा रहा है, हमलोगों के सब्र का बांध टूट रहा है, ये आस्था से जुड़ा सवाल है,इसकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं हो रही है।

आखिर क्यों 100 करोड़ से अधिक हिंदुओं की आस्था से जुड़े राम मंदिर के लिए कोर्ट के पास समय नहीं है, मंदिर मुद्दे के लिए कोर्ट के पास समय न होना बेहद दुखद है, ये सरासर हिंदुओं की भावनाओं की अनदेखी है। 1992 में विवादित ढांचा गिरने से पहले कोर्ट ने इसी तरह कर फैसला सुनाया था।

बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि केवल संत समाज ही नहीं बल्कि आम आदमी भी चाहता है कि राम मंदिर बने लेकिन इसमें वक्त लग रहा है, अब इंतजार करना काफी मुश्किल हो रहा है, रास्ता तो अब निकालना ही पड़ेगा, हमने बड़ी देर तक प्रतीक्षा की है, हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा कि राम मंदिर बीजेपी के चुनावी एजेंडे में नहीं है, राम मंदिर हमारी प्राथमिकता में है और राम मंदिर के लिए हमारा वचन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *