पांच राज्यों के लिए भाजपा ने नियुक्त किये चुनाव प्रभारी

नयी दिल्ली, 08 अगस्त : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी प्रभारियों की सूची जारी कर दी है।

पांच राज्यों के लिए भाजपा ने नियुक्त किये चुनाव प्रभारी

भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 2022 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, अर्जुन राम मेघवाल और शोभा करंदलाजे, अन्नपूर्णा देवी, सांसद सरोज पांडे , सांसद विवेक ठाकुर और हरियाणा सरकार में पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु को सह प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश चुनाव के मद्देनजर संगठन प्रभारियों की भी नियुक्ति की गयी है। इनमें अरविंद मेनन, संजीव चौरसिया, संजय भाटिया, सत्या कुमार, सुधीर गुप्ता और सुनील ओझा शामिल हैं।

पंजाब के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को प्रभारी जबकि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी , मीनाक्षी लेखी और सांसद विनोद चावड़ा को सह प्रभारी बनाया गया है।

वहीं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी उत्तराखंड के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं जबकि सांसद लॉकेट चटर्जी और पार्टी प्रवक्ता सरदार आर पी सिंह सह प्रभारी होंगे।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव मणिपुर का चुनाव प्रभार देखेंगे तथा केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक और असम सरकार में मंत्री अशोक सिंघल सह प्रभारी होंगे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गोवा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में वर्ष 2022 के फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। अभी इन पांच राज्यों में से चार में भाजपा की सरकार है, जबकि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *