‘रामनाथ गोयनका अवॉर्ड’ बीबीसी की सर्वप्रिया सांगवान को एक बार फिर मिला

प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से बीबीसी की पत्रकार सर्वप्रिया सांगवान को नवाज़ा गया है। दिल्ली में 27 मार्च को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

बीबीसी डॉट कॉम की एक खबर के मुताबिक़, सर्वप्रिया को यह अवॉर्ड हिन्दी (ब्राडकास्ट) कैटेगरी में उनकी हिन्दी सिरीज़ ‘द लास्ट मैन’ के लिए दिया गया है। बताते चलें कि सर्वप्रिया सांगवान को ‘द लास्ट मैन’ सिरीज़ के लिए 2025 का ‘दानिश सिद्दीक़ी जर्नलिज़्म अवॉर्ड’ दिया गया था।

गौरतलब है कि इससे पहले भी सर्वप्रिया को रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से नवाज़ा जा चुका है। सर्वप्रिया सांगवान को पर्यावरण और विज्ञान कैटेगरी में ब्रॉडकास्ट पत्रकारिता के लिए यह पुरस्कार दिया गया था। उन्हें यह पुरस्कार भारत के परमाणु कार्यक्रम की वजह से मुश्किलें झेल रहे लोगों पर आधारित उनकी स्टोरी के लिए दिया गया था।

सर्वप्रिया सांगवान की यह स्टोरी झारखंड के जादूगोड़ा में यूरेनियम से प्रभावित लोगों की कहानी कहती है और सवाल उठाती है कि क्या यह इलाक़ा भारत के न्यूक्लियर सपनों की क़ीमत चुका रहा है?

सर्वप्रिया सांगवान को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन एलुमनी एसोसिएशन की ओर से भी 2025 का ‘जर्नलिस्ट ऑफ़ द ईयर’ अवॉर्ड दिया गया था।

पत्रकारिता के क्षेत्र में रामनाथ गोयनका एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म अवॉर्ड्स भारत के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक हैं। यह सम्मान ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के संस्थापक के नाम पर दिया जाता है। प्रिंट, डिजिटल और ब्रॉडकास्ट के माध्यम से साहस, निष्पक्षता और उत्कृष्ट रिपोर्टिंग करने वालों को इस पुरुस्कार से सम्मानित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *