अजीम प्रेमजी फाउंडेशन देगा बारहवीं के बाद लड़कियों की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा बारहवीं कक्षा के आगे पढ़ने वाली लड़कियों को दी जाने वाली स्कॉलरशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्रवृत्ति पाने की इच्छुक छात्राएं आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है।

भारत में प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में लड़कियां बारहवीं के बाद अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाती हैं। पैसों की किल्लत इसके प्रमुख कारणों में से एक है। इन छात्राओं की समस्या को समझते हुए अज़ीम प्रेम जी फाउंडेशन एक ऐसा मंच मुहैया कराता है जो बारहवीं के आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करता है।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बताते चलें कि इस छात्रवृत्ति के लिए छात्राओं के परीक्षा के नंबरों को आधार नहीं बनाया जाएगा। यानी अगर किसी के नंबर बहुत कम हैं तब भी वह छात्रा आवेदन कर सकती है।

अंडरग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा प्रोग्राम के पहले साल में प्रवेश लेने वाली छात्राएं हर साल 30,000 रुपये से 1.5 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकती हैं। 2026-27 की स्कॉलरशिप उन छात्राओं के लिए है जिन्होंने आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली (NCT), झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अपनी कक्षा दस और बारह की पढ़ाई पूरी की है। स्नातक संस्थान खुद भारत में कहीं भी हो सकता है।

इस स्कॉलरशिप का प्रयोग छात्राएं ट्यूशन फीस या अपनी पढ़ाई पूरी करने से जुड़े दूसरे खर्चों के लिए कर सकते हैं। स्कॉलरशिप की रकम सीधे स्टूडेंट के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाती है। छात्राओं को अपने कोर्स के बचे हुए समय में आगे के वर्षों की पढ़ाई जारी रखने के लिए स्कॉलरशिप पाने के लिए रिन्यूअल प्रोसेस पूरा करना होगा।

इस स्कॉलरशिप के तहत छात्राओं को अंडरग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा कोर्स की दो से पांच साल तक चलने वाली पूरी अवधि के लिए हर साल आर्थिक सहायता देता है। फाउंडेशन के मुताबिक, यह स्कॉलरशिप मेरिट, जाति, इनकम या धर्म के आधार पर नहीं दी जाती है।

इच्छुक छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन स्कॉलरशिप आवेदन पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं है। आवेदकों को अपना आधार कार्ड, बैंक अकाउंट डिटेल्स, कक्षा 10 और 12 की मार्कशीट, फोटो और अपने अंडरग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन का प्रूफ जैसे डॉक्यूमेंट्स देने होंगे।

फाउंडेशन ने यह भी घोषणा की है कि 2026 कोहोर्ट के लिए राउंड वन के लिए आवेदन विंडो 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक खुली रहेगी। आवेदन का दूसरा राउंड 10 जनवरी से 31 जनवरी, 2027 तक होगा। 2026-27 शैक्षिक वर्ष के लिए 2024 और 2025 कोहोर्ट की छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप रिन्यूअल सितंबर 2026 में खुलने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *