अमिताभ, जया और अभिषेक बच्चन को 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में एक साथ सम्मान से नवाज़ा गया। अमिताभ बच्चन ने फिल्मफेयर में सम्मान मिलने के बाद आभार जताया।

70वें फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह में इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अमिताभ बच्चन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए जनता और फिल्मफेयर के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
बिग बी ने अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा, “एक परिवार… एक ही इंडस्ट्री में एक ही परिवार के तीन सदस्य और एक ही दिन में तीन पुरस्कार। फिल्मफेयर के 70 साल पूरे होने पर जया को सम्मानित किया गया, अभिषेक को 2025 का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और मुझे भी 70 साल के जश्न में सम्मानित किया गया।” उन्होंने कहा, “जया, अभिषेक और मैं, हमारा सौभाग्य और दर्शकों के प्रति पूर्ण आभार। बहुत-बहुत धन्यवाद।”
फिल्म ‘आई वांट टू टॉक’ में शानदार अभिनय के लिए ‘बेस्ट एक्टर इन लीडिंग रोल मेल’ का फिल्मफेयर पुरस्कार अभिषेक बच्चन को दिया गया। उन्होंने कार्तिक आर्यन के साथ यह सम्मान साझा किया। कार्तिक को उनकी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सम्मानित किया गया।
अभिषेक बच्चन ने अपना अवॉर्ड अपनी पत्नी ऐश्वर्या और बेटी आराध्या को समर्पित किया। अभिषेक बच्चन अवॉर्ड लेते समय कुछ भावुक नज़र आये। उन्होंने बताया कि वह इस भाषण को देने का अभ्यास वर्षों से कर रहे थे। उन्होंने कहा, “इस साल फिल्म उद्योग में मेरे 25 साल पूरे हो रहे हैं और मुझे याद नहीं कि मैंने इस पुरस्कार के लिए कितनी बार भाषण देने की प्रैक्टिस की है। यह एक सपना रहा है और मैं बहुत भावुक और विनम्र हूं कि यह पूरा हो गया। अपने परिवार के सामने प्राप्त करना इसे और भी खास बना देता है।”













