अटल बिहारी वाजपेयी की हालत बेहद नाजुक

नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत पिछले 24 घंटे में काफी गंभीर हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है।

एम्स की ओर से बुधवार रात यहां जारी एक बुलेटिन में कहा गया, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पिछले नौ सप्ताह से एम्स में भर्ती हैं। दुर्भाग्य से पिछले 24 घंटों के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ गयी है। उनकी हालत गंभीर है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

मोदी बुधवार देर शाम वाजपेयी को देखने के लिए एम्स पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर वाजपेयी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी इस दौरान अस्पताल में मौजूद थे।

इसके अलावा वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु, रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी, विज्ञान और पर्यावरण मंत्री हर्षवर्धन, प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह और स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भी अस्पताल पहुंचकर वाजपेयी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।

वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी रहे नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, बुधवार रात उनकी प्रार्थना वाजपेयी साहब और उनके परिवार के साथ हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ट्वीट किया, आओ हम सभी वाजपेयी के स्वास्थ्य बेहतर होने की प्रार्थना करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *