सिंगापुर, हांगकांग में मसालों पर लगे प्रतिबंध के बाद भारत सरकार ने दोनों देशों से रिपोर्ट तलब की

सिंगापुर और हांगकांग में भारतीय मसालों की गुणवत्ता को लेकर प्रतिबन्ध लगाया गया है। मामले पर भारत सरकारने इन देशों के खाद्य सुरक्षा नियामकों से विवरण मांगा है। वाणिज्य मंत्रालय ने इन देशों के भारतीय दूतावासों को इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट भेजने का भी निर्देश दिया है।

सिंगापुर, हांगकांग में मसालों पर लगे प्रतिबंध के बाद भारत सरकार ने दोनों देशों से रिपोर्ट तलब की

भारत से निर्यात किये गए एमडीएच और एवरेस्ट ब्रांड के कुछ मसालों को लेकर गुणवत्ता संबंधी चिंताएं जताये जाने के बाद इन उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया है।


मसालों में कथित तौर पर निर्धारित सीमा से अधिक कीटनाशक ‘एथिलीन ऑक्साइड’ मिलने के कारण यह प्रतिबंध लगाया गया है।


भारतीय मसाला उत्पादों को प्रतिबंधित किये जाने के मूल कारण के निदान का आश्वासन देते हुए वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि इन कंपनियों से विवरण मांगा गया है। मंत्रालय का कहना है कि संबंधित निर्यातकों के साथ मिलकर आरोप का समाधान किया जाएगा।

इसके लिए सिंगापुर और हांगकांग स्थित दूतावासों से इस सम्बन्ध में तकनीकी विवरण के साथ विश्लेषणात्मक रिपोर्ट तथा निर्यातकों के बारे में ब्योरा मांगा गया है।

वाणिज्य मंत्रालय ने सिंगापुर के खाद्य सुरक्षा निकाय और हांगकांग के खाद्य एवं पर्यावरण स्वच्छता विभाग से भी इस सम्बन्ध में विवरण मांगा है।

निर्यात किये गए उत्पादों में एथिलीन ऑक्साइड के परीक्षण के मुद्दे पर चर्चा के लिए एक उद्योग परामर्श का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।

बताते चलें कि घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय मसाला बोर्ड द्वारा एमडीएच और एवरेस्ट के चार मसाला-मिश्रण उत्पादों की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध पर विचार कर रहा है।

सिंगापुर खाद्य एजेंसी ने इन उत्पादों को वापस लेने का निर्देश दिया है। दूसरी तरफ हांगकांग खाद्य सुरक्षा नियामक की ओर से उपभोक्ताओं से इन उत्पादों को न खरीदने तथा व्यापारियों से बिक्री न करने का आदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *