मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में भी राजनैतिक संकट पैदा हो सकता है

मध्य प्रदेश में ताज़ा राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राजस्थान से राज्यसभा के दो संभावित प्रत्याशियों को लेकर भी कांग्रेस में मतभेद पैदा हो गया है।

पार्टी को राज्य में कम से कम दो सीटों के लिए प्रत्याशी तय करने हैं। आंतरिक सूत्रों के अनासर एक संभावित नाम का, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट खुलकर विरोध कर रहे हैं।

राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव होना है। मौजूदा विधायक संख्या के आधार पर कांग्रेस के खाते में दो सीटें जानी तय हैं और पार्टी को अपने प्रत्याशियों के नाम अगले दो दिन में तय करने होंगे क्योंकि नामांकन 13 मार्च तक होंगे। इसके लिए सियासी जोड़-तोड़ शुरू हो गया है।

 

कुछ मीडिया रिपोर्टों व पार्टी जानकारों के अनुसार पार्टी तारिक़ अनवर को राजस्थान से राज्यसभा में भेज सकती है। तारिक अनवर पांच बार लोकसभा व दो बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। दूसरा बड़ा नाम राजीव अरोड़ा का सामने आया है। हालांकि बताया जाता है कि पायलट खेमा उनके नाम को लेकर बिलकुल सहज नहीं है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पायलट ने दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उन्हें अपनी नाराज़गी से अवगत कराया है।

 

गहलोत के करीबी समझे जाने वाले अरोड़ा लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं। वे प्रदेश में पार्टी के उपाध्यक्ष हैं और पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रह चुके हैं।

 

राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटे हैं जिनमें से फ़िलहाल नौ भाजपा व एक कांग्रेस के पास है। कांग्रेस ने पिछले साल अगस्त में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को यहां से राज्यसभा के लिए चुना था।

 

राज्य विधानसभा में कुल 200 विधायकों में से कांग्रेस के पास 107 विधायक व भाजपा के पास 72 विधायक हैं। राज्य के 13 में से 12 निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी कांग्रेस को है। राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 26 मार्च को मतदान होगा। (AK)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *