देश में मंकीपॉक्स का एक और मामला सामने आने से प्रशासन मुस्तैद नज़र आया। बीते दिन दिल्ली में मंकीपॉक्स वायरस के संक्रमण का चौथा मामला रिपोर्ट किया गया। 31 वर्षीय नाइजीरियाई महिला इस बीमारी से संक्रमित मिली।
केंद्र ने मंकीपॉक्स के बढ़ते संक्रमण के बीच गुरुवार को शीर्ष स्वास्थ्य विशेषज्ञों की एक बैठक बुलाई है।
दिल्ली में दर्ज हुए चौथे केस के बाद देश में मंकीपॉक्स संक्रमण के मामलों की संख्या 9 हो गई है। देश में मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित रिपोर्ट की जाने वाली यह पहली महिला है। जानकारी के मुताबिक इस महिला को बुखार और शरीर में चकत्ते की समस्या के बाद लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जाँच के लिए दिए जाने वाले वाले सैम्पल में परिणाम ‘पॉजिटिव’ आने पर प्रशासन के लिए ये चिंता का विषय है।
देश में अब तक मिलने वाले नौ लोग पॉजिटिव मामलों में केरल में 5 केस हैं वहीं 4 केस राजधानी दिल्ली से सामने आए हैं। दिल्ली में मंकीपॉक्स से संक्रमित होने वाला तीसरा व्यक्ति भी नाइजीरिया का था।
दिल्ली में मंकीपॉक्स से निपटने के लिए छह अस्पतालों में 70 आइसोलेशन रूम तैयार किये गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि इनमें से 20 कक्ष मंकीपॉक्स के रोगियों और संदिग्ध रोगियों के इलाज के लिए नोडल केंद्र लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल में बनाए गए हैं, जबकि अन्य पांच अस्पतालों में 10-10 कक्ष तैयार किए गए हैं।