आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है।आरएस प्रसन्ना निर्देशित यह फिल्म जून 2025 में पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते 250 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।
यह फिल्म स्पेनिश फिल्म चैंपियंस का आधिकारिक रीमेक है और इसे आमिर खान की समीक्षकों द्वारा प्रशंसित 2007 की फिल्म तारे जमीन पर का आध्यात्मिक अनुवर्ती भी माना जाता है, जो दर्शील सफारी द्वारा अभिनीत डिस्लेक्सिया से पीड़ित बच्चे के संघर्षों पर केंद्रित है।
सोमवार को सोनीलिव ने घोषणा की कि फिल्म जल्द ही इस प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होना शुरू हो जाएगी। फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ में आमिर खान ने एक पेशेवर बास्केटबॉल टीम के सहायक कोच गुलशन अरोरा का किरदार निभाया है। कोच की जिंदगी में अप्रत्याशित मोड़ तब आता है जब उनकी नौकरी चली जाती है।
इन्ही दिनों में शराब पीकर गाड़ी चलाने के एक मामले में उन्हें अदालत में पेश होना पड़ता है। सुनवाई के दौरान जेल की सजा काटने के बजाय, अदालत उन्हें 90 दिनों की सामुदायिक सेवा करने का विकल्प देती है। इस सजा के तहत कोच गुलशन को न्यूरोडाइवर्जेंट टीम को प्रशिक्षित करने और उन्हें बास्केटबॉल टूर्नामेंट के लिए तैयार करने का निर्देश दिया गया।
आमिर ने एक अनोखे डिजिटल डिस्ट्रीब्यूटर्स मॉडल के साथ प्रयोग करते हुए सिनेमाघरों में रिलीज होने के तुरंत एक विशेष प्रयोग किया। उन्होंने फिल्म को अपने यूट्यूब चैनल आमिर खान टॉकीज पर पे-पर-व्यू सिस्टम के तहत रिलीज किया। यहाँ दर्शक लगभग 100 रुपये का भुगतान करके फिल्म देख सकते थे। इस प्रयोग पर आमिर का कहना था, ‘यह मेरी निजी सिनेमा सीरीज है। इसे ऐसे समझिए कि आमिर खान प्रोडक्शंस ने एक नई सिनेमा श्रृंखला शुरू की है, जो हर किसी के घर में और हर किसी की जेब में है… मुझे ओटीटी चैनलों से अच्छे ऑफर मिले, लेकिन मुझे ओटीटी चैनलों से वो 100-125 करोड़ रुपये नहीं चाहिए। मैं अपने दर्शकों से 100 रुपये कमाना चाहता हूं. मुझे यही ज्यादा पसंद है।’
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। फिल्म की पटकथा दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। स्टारकास्ट की बात करें तो इस फिल्म में आमिर के साथ जेनेलिया देशमुख और कई युवा कलाकार भी हैं, जिनमें आशीष पेंडसे, अरूष दत्ता, आयुष भंसाली, ऋषि शाहनी, गोपीकृष्णन के वर्मा, ऋषभ जैन, वेदांत शर्मा, सिमरन मंगेशकर, संवित देसाई और नमन मिश्रा शामिल हैं।









