‘हैप्पी पटेल’ का मजेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है और करीब ढ़ाई मिनट वाले इस ट्रेलर में फिल्म की भरपूर कॉमेडी का अंदाजा होता है। ट्रेलर देखकर इंटरनेट यूजर्स को इमरान खान और वीर दास की 2011 की फिल्म ‘देली बेली’ की भी याद आ गई है। कई लोग इसे ‘देली बेली 2’ कह रहे हैं।

फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है। फिल्म के 2 मिनट, 38 सेकेंड के ट्रेलर में कॉमेडी का भरपूर डोज नज़र आ रहा है। यह फिल्म 19 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, ‘गांववालों! वो एक शेफ हैं, एक एजेंट (कुछ हद तक) हैं, एक हीरो (शायद) हैं, और वो हैं हैप्पी पटेल, मिलिए हमारे खतरनाक जासूस से, 16 जनवरी से सिनेमाघरों में।’
हालाँकि ट्रेलर से यह भी अंदाजा हो रहा है कि फिल्म में गालियां भी हैं और एक बेवकूफ सीक्रेट एजेंट जो काम कम और गलतियां ज्यादा करता है। ट्रेलर बताता है कि यह फिल्म कोई स्पाई एक्शन थ्रिलर नहीं, बल्कि अपने हल्के-फुल्के अंदाज, अजीब किरदारों और कॉमिक ट्विस्ट से दर्शकों का मनोरंजन करने वाली है।
वीर दास एक बेहतरीन स्टैंडअप कॉमेडियन हैं और ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ फिल्म के डायरेक्टर, को-राइटर और को-प्रोड्यूसर तीनों हैं। फिल्म में उनका चिर परिचित डार्क ह्यूमर नज़र आता है। फिल्म में वीर दास के साथ मिथिला पालकर, मोना सिंह, शारिब हाशमी, सृष्टि तावड़े, इमरान खान और आमिर खान प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
फिल्म की कहानी एक ऐसे इम्परफेक्ट एजेंट की है, जिसे एक परफेक्ट मिशन पर इंडिया भेजा जाता है। एक ऐसा जासूस जो दुश्मनों को पीटता कम है, पिटता जाता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ वह मुसीबत में घिरता जाता है। इस धमाचौकड़ी में आखिर हैप्पी पटेल ‘मामा’ के निशाने पर आ जाता है।
ट्रेलर में गालियां कुछ ज़्यादा ही हैं। यहाँ आमिर खान और इमरान खान मजेदार लगे हैं। दोनों की झलक दिलचस्प लगती है। मोना सिंहके साथ यहाँ मिथिला पालकर अपने बिंदास अंदाज में नज़र आती हैं।
‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ का डायरेक्शन वीर दास और कवि शास्त्री ने किया है। जबकि इसकी कहानी वीर दास और अमोघ रणदिवे ने लिखी है। मेकर्स ने ट्रेलर के साथ ही रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म अगले साल 16 जनवरी 2026 को सिनेमघरों में रिलीज होगी।
