अयोध्या से जनकपुरी धाम के बीच चलने वाली साप्ताहिक रेल भारत-नेपाल सबंधों की नई इबारत लिखेगी

भारत-नेपाल की मित्रता को मज़बूती के एक और सूत्र में बांधने की दिशा में भारतीय रेल का कदम बेहद खास है। दोनों देशों के मध्य यात्रा को आसाब बनाने के लिए एक अहम कदम उठाते हुए, इंडियन रेलवे ने नेपाल में जनकपुर धाम और भारत में उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच एक नई साप्‍ताहिक ट्रेन सर्विस शुरू करने को मंज़ूरी दे दी है।

भारतीय रेल की यह सुविधा जनकपुर धाम यानी माता सीता का जन्मस्थान और अयोध्या यानि प्रभु राम के जन्मस्थान के बीच एक रेल लिंक बनाएगी। भारतीय रेल की यह पहल दोनों देशों के यात्रियों को इन खास धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों तक बेहतर पहुंच मुहैया कराने के साथ उनकी साझा सभ्यता की विरासत भी मज़बूत करेगी।

सप्ताह में एक दिन चलेगी यह ट्रेन
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो की एक खबर के अनुसार, अयोध्या कैंट (भारत) और जनकपुर धाम (नेपाल) को जोड़ने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर, 2026 को किया जाना है। दोनों स्थलों के बीच की दूरी लगभग 604 किलोमीटर है और सप्ताह में एक बार चलने वाली यह ट्रैन सेवा जनकपुर धाम को अयोध्या कैंट से जोड़ेगी। इसकी शुरुआत शनिवार को जनकपुर धाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से होगी।

कहाँ से गुज़रेगी
इस यात्रा में यह बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुज़रेगी। ट्रेन के टर्मिनल स्टेशनों के अलावा जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम पर वाणिज्यिक ठहराव होंगे।

टूरिज्म सहित कई क्षेत्रो को बढ़ावा मिलेगा
नई सर्विस से तीर्थयात्रियों, टूरिस्ट और दूसरे यात्रियों के लिए बॉर्डर पार यात्रा ज़्यादा आसान होने की उम्मीद है। इससे जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी, रामायण से जुड़े टूरिज्म सर्किट को बढ़ावा मिलेगा और पढ़ाई, बिज़नेस और परिवार से जुड़े कामों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को ज़्यादा मोबिलिटी मिलेगी।

सामाजिक सबंधों को मज़बूती मिलेगी
बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में समुदायों के लिए, यह सेवा एक अतिरिक्त यात्री परिवहन विकल्प प्रदान करने के साथ आर्थिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करेगी। बेहतर रेल पहुंच से पर्यटन ऑपरेटरों, आतिथ्य प्रतिष्ठानों, स्थानीय व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों के लिए अवसर पैदा करके मार्ग के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को भी लाभ होने की उम्मीद है।

और मज़बूत होंगे दोनों देशों के रिश्ते
भारत – नेपाल के बीच सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक रिश्ते सदियों पुराने हैं। आवागमन का यह माध्यम न सिर्फ धार्मिक परम्पराओं को मज़बूती देगा बल्कि सीमा पार के समुदायों के बीच कई नए गठबंधनों की इबारत लिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *