अप्रैल के पहले सप्ताह में ही गर्मी के तेवर डराने वाले हैं। देश के पांच राज्यों का तापमान गर्मी को लेकर जो संकेत दे रहा है उससे आने वाले दिनों के भीषण मौसम के संकेत मिल रहे हैं।
अप्रैल के शुरुआती दिनों में देश के 21 शहरों का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में अगले तीन दिनों तक सख्त गर्मी के हालात बने रहेंगे।
इस बीच राजस्थान के बाड़मेर में गर्मी ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। रविवार 6 अप्रैल को यहाँ का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक था। अप्रैल के पहले सप्ताह में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। यह सामान्य से 6.8 डिग्री ज़्यादा है।
विभाग का कहना है कि गर्मी का प्रकोप उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा तक अपना असर दिखाएगा। अप्रैल के पहले सप्ताह में तापमान का उतार चढ़ाव तीन डिग्री से लेकर 6.9 डिग्री तक दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग, मौसम के इन तेवरों का कारण हवा की गति में कमी को बता रहा है। दिल्ली और आस पास के इलाक़ों में सुबह के समय सतह पर हवा की गति 8-10 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान विभग की ओर से दिया गया है। वहीँ दिन के समय हवा की गति धीरे-धीरे कम होकर दक्षिण-पूर्व दिशा से 4-6 किमी प्रति घंटा होने की बात भी मौसम विभाग ने कही है। शाम और रात के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा की गति बढ़कर 8 किमी प्रति घंटे से कम होने की बात भी विभाग द्वारा कही गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश सहित हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, मध्य प्रदेश और पश्चिमी के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की संभावना है।
विभाग का यह भी कहना है कि राजस्थान में गर्म लहर चलने की संभावना है। यह गर्म हवाएं 10 अप्रैल तक बनी रहेंगी और इस बीच गुजरात के कुछ स्थानों पर इनका असर ज़्यादा होगा। इसके साथ ही सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ स्थानों पर भी भीषण गर्मी का अनुमान है।