उम्र वाक़ई बस एक संख्या है। यह एक बार फिर से साबित हो गया है। इस बार जापान में एक अनोखी प्रेम कहानी ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। यहाँ 63 साल की महिला अज़राशी ने अपने 31 साल के प्रेमी से शादी कर ली है। इससे भी ज़्यादा जो बात लोगों को हैरान कर रही है वह यह कि दुल्हन अपनी सास से 6 साल बड़ी है।

हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, उनकी प्रेम कहानी अगस्त 2020 में शुरू हुई जब अज़राशी को एक कैफ़े में एक फ़ोन मिला। बाद में एक युवक अपना फ़ोन ढूँढ़ने वहाँ आया, जिसे अज़राशी ने लौटा दिया। कुछ दिनों बाद दोनों की मुलाक़ात संयोग से हुई और उन्होंने एक-दूसरे से संपर्क करने के लिए अपने नंबर साझा किए। फिर देर रात फ़ोन पर लंबी बातचीत उनकी ज़िंदगी का हिस्सा बन गई।
अज़राशी ने जापानी मीडिया को बताया कि चाहे मैं काम की बात करूँ या रोज़मर्रा की ज़िंदगी की, वह सब कुछ समझते थे और मेरी बातों में रुचि रखते थे, जिससे मुझे खुशी मिलती थी।
मुलाकात पर इस युवक ने अज़राशी को एक पत्र दिया जिसमें लिखा था कि कृपया मेरी प्रिंसेस बन जाओ। एक महीने की दोस्ती के बाद दोनों को एक-दूसरे की असली उम्र का पता चला, लेकिन तब तक उनका रिश्ता इतना मज़बूत हो चुका था कि इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ा।
दिलचस्प बात यह है कि अज़राशी का बेटा भी अपने सौतेले पिता से छह साल बड़ा है, लेकिन उसने अपनी माँ के फैसले का पूरा समर्थन किया। हालाँकि युवक की माँ, जो अज़राशी से छह साल छोटी है, इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थी और उसने आपत्ति भी जताई थी। लेकिन समय के साथ उन्होंने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया।
हालाँकि यह शादी तीन बरस पहले हुई मगर जबसे इसे सोशल मिडिया पर जगह मिली है तब से इसने भरपूर लोकप्रियता हासिल कर ली है। दोनों ने क्रिसमस 2022 को आधिकारिक रूप से शादी कर ली और अब तीन साल से एक खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रहे हैं। अज़राशी और उनके पति एक विवाह एजेंसी भी चलाते हैं और साथ मिलकर घर का काम भी करते हैं।














