शीतलहर की चपेट में है पूरा उत्तर भारत, बच्चों के लिए यूनिफॉर्म की अनिवार्यता खत्म

उत्तर भारत में ठंड को लेकर मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले दो दिन तक शीत दिवस और कोहरे की स्थिति बरक़रार रह सकती है। ठंड के अलावा यहाँ विजिबिलिटी पर भी काफी असर है। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित हुआ है।

शीतलहर की चपेट में है पूरा उत्तर भारत, बच्चों के लिए यूनिफॉर्म की अनिवार्यता खत्म

लखनऊ में ठंड को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 11 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी रहेगी। कक्षा 9 से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए यथासंभव ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्देश जारी किया गया है। ठंड को देखते हुए छात्रों के यूनिफॉर्म पहनने की बाध्यता को समाप्त किया गया है।

उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है साथ ही उत्तर भारत के कई राज्यों में शनिवार 4 जनवरी को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट है। मौसम के असर से हवाई और रेल सेवा प्रभावित हुई है। घने कोहरे के कारण आईजीआई पर फ्लाइट्स परिचालन प्रभावित हुआ है। करीब 150 से ज़्यादा हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

कोहरे के कारण एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रेल और हवाई यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी ट्रेन और फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें। इस बीच कई विमानों को रखा गया जबकि कुछ को रनवे पर लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू कर आवाजाही कराई गई।

उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके चलते कहीं ऑरेंज तो कहीं येलो अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग का कहना है कि दिल्ली सहित हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग स्थानों में 3 और 4 जनवरी को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं कई जगहों पर विजिबिलिटी घटकर 50-100 मीटर रह गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *