22 जुलाई से संसद का बजट सत्र शुरू, 23 को सामने आएगा आम बजट

इस महीने की 22 तारीख से संसद का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। इसके अगले दिन आम बजट प्रस्तुत किया जाएगा। एनडीए सर्कार का ये बजट सत्र 12 अगस्त तक चलेगा।

22 जुलाई से संसद का बजट सत्र शुरू, 23 को सामने आएगा आम बजट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को बजट पेश करेंगी। इस बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार सातवीं बार बजट पेश करेंगी।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बताया कि केंद्र सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसकी मंजूरी दे दी है। यह बजट नई सरकार का पहला पूर्ण बजट होगा। फरवरी में सरकार ने अंतरिम बजट पेश किया था।

संसदीय कार्य मंत्री रीजीजू ने कहा- ‘भारत की माननीय राष्ट्रपति ने भारत सरकार की अनुशंसा पर बजट सत्र, 2024 के लिए 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक संसद के दोनों सदनों की बैठक बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी सरकार का यह पहला बजट होगा। गौरतलब है कि इस वर्ष अप्रैल, मई में लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने पहली फरवरी को अंतरिम बजट पेश किया था।

संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा था कि बजट में प्रमुख सामाजिक व आर्थिक फैसले लिए जाने की उम्मीद है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार सातवीं बार बजट पेश करने वाली देश की पहली वित्त मंत्री बन जाएंगी। बताते चलें कि इससे पहले मोरारजी देसाई लगातार छह बजट प्रस्तुत कर चुके हैं। अब तक के सबसे ज़्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड भी मोरारजी के नाम है। उन्होंने कुल दस बार बजट पेश किया है।

इससे पहले और प्रणब मुखर्जी और पी चिदंबरम ने 9 बार बजट पेश किया है। यशवंत राव चव्हाण, सीडी देशमुख और यशवंत सिन्हा 7 बार बजट पेश कर चुके हैं। टी कृष्णमचारी और मनमोहन सिंह 6 बार बजट पेश कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *