मॉस्को : कॉन्सर्ट हॉल में हमले में 60 की मौत

मॉस्को: रूस की राजधानी में क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल पर हुए आतंकी हमले में 60 लोगों की मौत हो गई जबकि 145 लोगों के ज़ख़्मी होने की खबर मिली है।

मॉस्को : कॉन्सर्ट हॉल में हमले में 60 की मौत

अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस की राजधानी मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में सैन्य वर्दी पहने 5 आतंकवादियों ने गोलीबारी की और ग्रेनेड से हमला किया, जिसमें 60 लोगों की मौत हो गई और 145 घायल हो गए।

अमरीकी मीडिया के अनुसार, पांच बंदूकधारियों ने क्रोकस सिटी हॉल में प्रवेश किया और संगीत कार्यक्रम शुरू होने से पहले 6,200 लोगों की भीड़ पर स्वचालित हथियारों और हथगोले से हमला किया।

घटनास्थल पर मौजूद एक पत्रकार ने कहा कि बंदूकधारियों ने स्वचालित गोलीबारी की और हथगोले या आग लगाने वाले बम फेंके, जो तेजी से कॉन्सर्ट हॉल में फैल गए। उन्होंने बताया कि आतंकी करीब 20 मिनट तक हॉल में मौजूद लोगों पर फायरिंग करते रहे।

रूसी बचाव सेवाओं ने क्रोकस सिटी हॉल के तहखाने से 100 से अधिक लोगों को बचाया और उन्हें तत्काल चिकित्सा के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है, जबकि नेशनल गार्ड फ़ोर्स हमलावरों की तलाश कर रही है।

मॉस्को में हुए हमले में मारे गए लोगों को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया साइट पर उन्होंने ट्वीट किया- “ हम मॉस्को में हुए जघन्य चरमपंथी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिजनों के साथ हैं। इस दुख की घड़ी में भारत रूस की सरकार और उनके लोगों के साथ खड़ा है।’’

रूसी मीडिया के मुताबिक, क्रोकस सिटी हॉल पर हमले के बाद मॉस्को समेत कई इलाकों में कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घटना को आतंकवाद घोषित करने और इसकी निंदा करने का आह्वान किया है।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने आधी रात को अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि हमले तथा सुरक्षा एजेसियों द्वारा उठाए कदमों के बारे में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लगातार जानकारी दी जा रही है।

हमले में यूक्रेन के शामिल नहीं होने के अमरीकी बयान पर रूसी प्रवक्ता ने कहा कि अमरीका बिना जांच के किसी को निर्दोष कैसे घोषित कर सकता है, अगर यूक्रेन हमले में शामिल है तो अमरीका को पता होना चाहिए, लेकिन इस संदर्भ में अभी तक कोई सबूत नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि अगर वॉशिंगटन के पास इस संबंध में जानकारी है तो उसे साझा किया जाना चाहिए और अगर नहीं है तो इस तरह से बात नहीं की जानी चाहिए।

रूसी विदेश मंत्री ने इसे एक आतंकी हमला क़रार दिया हैजबकि यूक्रेन ने हमले में हाथ होने से इनकार किया है। रूसी राष्ट्रपति ने हमले पर अफसोस जताया है और कहा है कि इसमें शामिल सभी आतंकियों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

दूसरी तरफ अमरीकी व्हाइट हाउस से भी कहा गया है कि वह स्थिति के बारे में और जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *