विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में संसद परिसर में प्रदर्शन

विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन में विपक्षी सांसदों के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सम्मिलित हुए।

विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में संसद परिसर में प्रदर्शन

141 विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। इस विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद शामिल हुए। लोकसभा के 95 तथा राज्यसभा के 46 सदस्यों के निष्कासन के साथ निलंबित सदस्यों की संख्या 141 हो गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- ‘सबको बाहर निकालकर वे तानाशाही करने की कोशिश कर रहे हैं। लोकतंत्र में ऐसा नहीं हो सकता, आज नहीं तो कल उनपर यह भारी पड़ेगा।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर जानबूझ कर सबको निलंबित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मंशा है कि वे आपराधिक प्रक्रिया को लेकर जो तीन कानून ला रहे हैं उस पर कोई विरोध न हो।

विपक्षी दलों को जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वे नहीं चाहते हैं कि सदन चले और वे हर चीज में राजनीति करना चाहते हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने मौजूदा गतिरोध पर चर्चा के लिए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को पत्र भी लिखा। इसके अलावा खड़गे के चेंबर में विपक्षी दलों की एक बैठक भी हुई।

संसद से विपक्ष के सांसदों को निलंबित करने पर विपक्षी सांसदों का कहना है कि यह मोदी सरकार की लोकतंत्र विरोधी सोच दिखाता है। विपक्ष ने अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि गृह मंत्री को संसद सुरक्षा में हुई चूक के मुद्दे पर दोनों सदनों में बयान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *