प्रदेश में बदले मौसम ने बढ़ाई ठंड और धुंध

उत्तर प्रदेश में ठंड के मौसम ने ज़रा देर से करवट ली मगर अब सर्दी ने अपनी आमद का एहसास करा दिया है। पूरा प्रदेश बीते दिन से बादलों के साए में नज़र आया।

प्रदेश में बदले मौसम ने बढ़ाई ठंड और धुंध

अचानक बदले मौसम ने प्रदेश के कई हिस्सों को बरसात से भिगोया और कल हमीरपुर, आगरा, अलीगढ़, बुंदेलखंड तथा झांसी में बारिश रिकॉर्ड की गई।

धूप न होने से कल पहले दिन ठंड का एहसास बढ़ा। प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में गिरे हुए पारे के साथ धुंध भरा मौसम पसरा रहा। हवाओं में भी ठंड हलकी से कुछ ज़्यादा रही।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में नज़र आया। धूप के दर्शन न होने के कारण ठंड से एहतियात का माहौल बनता दिखा।

सोमवार को दिन का तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो रविवार के मुक़ाबले 4.6 डिग्री घट गया। रविवार का तापमान 28.2 था। सुबह नौ बजे का शहर का तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया, दोपहर तक इसके 26 डिग्री जाने का अनुमान है।

इसके साथ ही प्रदेश में धुंध और प्रदूषण ने कोहरे जैसा वातावरण बना दिया है। शहर की हवा का स्तर खराब बना हुआ है। शहर के अलग अलग हिस्सों में आज सुबह नौ बजे का एयर क्वालिटी इंडेक्स 250 से 300 के बीच दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में अभी कुछ दिन ठंड के साथ मौसम की नमी बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, चित्रकूट, दक्षिण के साथ पूर्वी प्रदेश में हलकी बूंदाबांदी के आसार हैं। जिसके चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *