भारत ने चौथी बार विश्व कप के फ़ाइनल में जगह बनाई

वनडे वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने न्यूज़ीलैंड को 70 रनों से शिकस्त देते हुए फाइनल में एंट्री ले ली है। आज की जीत का सेहरा विराट कोहली, श्रेयस अय्यर की बैटिंग और शमी की बॉलिंग के सिर बंधा।

भारत ने चौथी बार विश्व कप के फ़ाइनल में जगह बनाई

भारत की जीत में विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने 117 और 105 रन की पारी खेली, वहीं मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी दिखाते हुए सात विकेट अपने नाम किए। विराट ने वनडे करियर का अपना 50वां शतक भी आज पूरा किया।

इसके साथ ही टीम इण्डिया ने 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों होने वाली शिकस्त का हिसाब भी बराबर कर लिया।

टीम इण्डिया ने टॉस जीतने के बाद पहले बैटिंग का इरादा किया और 50 ओवर में 5 विकेट पर 397 रन बनाए। इस स्कोर के बाद लगने लगा था कि टीम इंडिया आसानी से मुकाबला जीत जाएगी, मगर न्यूज़ीलैंड ने अंत तक इस स्कोर को चेज़ करते हुए खेल का सस्पेंस बनाए रखा। हालाँकि जीत के रुझान भारत के पाले में ही ज़्यादा बने रहे।

इस अवसर पर टीम को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने इसे क्रिकेट प्रेमियों और भविष्य के लिए यादगार बताया और व्यक्तिगत प्रदर्शन की वजह से इसे और भी खास बताया। साथ ही उन्होंने शमी के खेल की भी सराहना की।

न्यूज़ीलैंड की तरफ से डेरिल मिचेल ने यादगार पारी खेली और 119 गेंदों में 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से 134 रन बनाए। मगर ये मेहनत उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

भारत की ओर से शुभमन गिल ने 80 रन का योगदान दिया। रोहित शर्मा ने 29 गेंदों में 47 रनों की शानदार पारी खेली।

जवाब में खेलते हुए न्यूज़ीलैंड के 2 विकेट जल्दी गिर गए थे। इसके बावजूद न्यूज़ीलैंड की टीम डटी रही और मैच पर अपनी गिरफ्त बनाने की पूरी कोशिश भी करती रही।

न्यूज़ीलैंड की टीम के शुरुआती दो विकेट मोहम्मद शमी ने लिए। उन्होंने छठे ओवर की पहली गेंद पर डेवोन कॉन्वे को 13 रन के स्कोर पर जबकि 8वें ओवर की चौथी गेंद पर रचिन रविंद्र को भी 13 के स्कोर पर पवेलियन वापस भेज दिया।

फिर शमी का ये विजय रथ रुका नहीं और भारत के लिए उन्होंने सबसे ज़्यादा 7 विकेट लिये। शमी ने 9.5 ओवर में 57 रन दिए। जबकि सिराज, बुमराह और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *