इसरो ने साझा की चंद्रयान 3 मिशन की नई वीडियो, लैंडिंग को लेकर बढ़ी सारी दुनिया की उत्सुकता

चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल आज शाम चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। अनुमान के मुताबिक़ शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान से युक्त लैंडर मॉड्यूल सॉफ्ट लैंडिंग कर सकता है।

इसरो ने साझा की चंद्रयान-3 मिशन की नई वीडियो, लैंडिंग को लेकर बढ़ी सारी दुनिया की उत्सुकता

इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा। चंद्रयान-3 की लैंडिंग पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने बताया- “जैसा कि मूल योजना थी, बुधवार शाम को लैंडिंग की पुष्टि हो गई है।”

इसरो चीफ ने चंद्रमा पर लैंडर के सॉफ्ट लैंडिग से पहले दिए अपने बयान में कहा कि भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी आज शाम को लैंडर विक्रम को चंद्रमा पर उतारने पर ध्यान केंद्रित कर रही है और किसी भी स्थगन या प्लान-बी पर विचार नहीं कर रही है। 

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा की गई अपनी पोस्ट में इसरो ने जानकारी दी है कि लैंडर मॉड्यूल की लैंडिंग की प्रक्रिया 17.44 पर शुरू हो जाएगी। भारत में इस पूरी प्रक्रिया का लाइव टेलीकास्ट शाम 5 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा।

सेंटर से आदेश मिलने के बाद लैंडर मॉड्यूल अपने इंजनों को स्टार्ट करके लैंडिंग प्रक्रिया शुरू करेगा। मिशन ऑपरेशन टीम लगातार इसे कमांड भेजेगा।

चंद्रयान-3 मिशन को लेकर इसरो ने अपने कमांड सेंटर की दो तस्वीरें जारी की हैं। अब तक दक्षिणी ध्रुव पर कोई लैंडिंग नहीं हुई है। अब से पूर्व की सभी लैंडिंग भूमध्य रेखा के भीतर या उसके आसपास हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *