रायबरेली, 1 नवंबर : कांग्रेस ने मोदी सरकार पर देश को आर्थिक तबाही के गर्त में धकेलने का आरोप लगाते हुये कहा है कि आजादी के बाद पैदा हुयी इन विषम परिस्थितियों से देश को बाहर निकालने के लिये ही कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा आयोजित हुयी है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने रविवार को यहां पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आह्वान पर शुरु की गयी प्रतिज्ञा यात्रा में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुये सही मायनों में यह देश की आजादी की दूसरी यात्रा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले आजादी के लिए लड़ाई हुयी थी, और अब यह संविधान बचाने की लड़ाई है।
तिवारी ने कहा कि केन्द्र और विभिन्न राज्यों में भाजपा की सरकारों ने देश के संविधान में निहित आंतरिक लोकतंत्र को नेस्तोनाबूद कर दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा के माध्यम से लोगों को इस सच से अवगत कराते हुये संविधान की बहाली के लिये सत्तारूढ़ विघटनकारी ताकतों को अपदस्थ करने का संदेश दिया जा रहा है।
तिवारी ने कहा, ‘आज आर्थिक रूप से हम कमजोर हो गए हैं। बांग्लादेश की मुद्रा टका हमारे रुपये से मजबूत है। जितना समृद्ध भारत पिछले 70 वर्षों में था, आज देश की संपदा बिक रही है और यह भाजपा की देन है।’ उन्होंने कहा कि 1980 के दशक का समय था जब सभी कह रहे थे कांग्रेस ख़त्म हो गयी है, लेकिन कांग्रेस ने वापसी की थी। आज इस प्रतिज्ञा यात्रा से कांग्रेस उसी इतिहास को दोहरा कर वापसी करेगी।