महाराष्ट्र में कोरोना के सक्रिय मामले घट कर 72 हजार

मुंबई ,14 दिसंबर : देश में कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोरोना के सक्रिय मामलों में सोमवार को 1,721 की गिरावट दर्ज की गयी और अब सक्रिय मामलों की संख्या घट कर 72,383 रह गयी है।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 2,949 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18,83,365 पहुंच गयी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसी अवधि में 4,610 और मरीजों के स्वस्थ होने से इस संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 17,61,615 हो गयी है तथा 60 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 48,269 हो गया है।

राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आंशिक गिरावट के साथ 93.54 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर महज 2.56 प्रतिशत है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और इससे होने वाली मौत के मामले में पहले स्थान पर है। सबसे अधिक सक्रिय मामले भी इसी राज्य में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *