लेबनान की राजधानी बेरुत में शक्तिशाली धमाके

लेबनान की राजधानी बेरुत में जिस शक्तिशाली धमाके में कम-से-कम 70 लोगों की जान गई और 4,000 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

बताया जा रहा है कि इस वेयरहाउस में पिछले छह साल से ज़ब्त किया हुआ अमोनियम नाइट्रेट का भंडार जमा था जिसमें धमाका हो गया.

लेबनान के प्रधानमंत्री हसन दियाब ने इसे एक ख़तरनाक वेयरहाउस बताया है जो वहाँ 2014 से बना हुआ था. उन्होंने इसे प्रलयंकारी घटना बताया और कहा कि ज़िम्मेदार लोगों को नहीं बख़्शा जाएगा.

वहीं लेबनान के राष्ट्रपति मिशेल आउन ने कहा है कि इस बात को किसी भी तरह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि आख़िर कैसे 2,750 टन अमोनियम नाइट्रेट वहाँ असुरक्षित तरीक़े से रखा हुआ था.

धमाका इतना ज़बरदस्त था कि उसकी आवाज़ 240 किलोमीटर दूर साइप्रस तक में सुनाई दी.

अमोनियम नाइट्रेट एक गंधहीन केमिकल पदार्थ है जिसका कई कामों में इस्तेमाल होता है.

मगर सामान्यतः इसका सबसे ज़्यादा प्रयोग दो कामों में होता है – खेती के लिए उर्वरक के तौर पर और निर्माण या खनन कार्यों में विस्फोटक के तौर पर.

ये अत्यंत विस्फोटक केमिकल होता है. आग लगने पर इसमें धमाका होता है और उसके बाद ख़तरनाक गैस निकलने लगती हैं जिनमें नाइट्रोजन ऑक्साइड और अमोनिया गैस शामिल हैं.

लेबनान में धमाके के बाद अब जाँच हो रही है कि आख़िर वेयरहाउस में रखे अमोनियम नाइट्रेट में आग कैसे लगी.

अमोनियम नाइट्रेट की वजह से पहले भी कई दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं.

2013 में अमरीका के टेक्सस राज्य में एक फ़र्टिलाइज़र प्लांट में धमाका हुआ था जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी.

2001 में फ़्रांस के टुलूज़ में भी एक केमिकल प्लांट में धमाका हुआ था जिसमें 31 लोग मारे गए थे.

1995 में अमरीका के ओकलाहोमा में हुए धमाके में इस्तेमाल हुए बम में भी अमोनियम नाइट्रेट पाया गया था.

(Source: BBC News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *