आरएसएस को महात्मा गांधी का क़ातिल बताने के मानहानि मामले में राहुल गांधी के ख़िलाफ़ आरोप तय

महाराष्ट्र में भिवंडी की एक अदालत ने मंगलवार को मानहानि की धाराओं के तहत कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ख़िलाफ़ आरोप तय कर दिए हैं।

राहुल गांधी मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मानहानि मामले में अदालत में पेश हुए।

सुनवाई के दौरान राहुल गांधी ने ख़ुद को निर्दोष बताया, उन्होंने कहा कि मैं इस मामले में दोषी नहीं हूं। इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण और अशोक गहलोत भी थे।

दरअसल आरएसएस कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने 2014 में भिवंडी में राहुल गांधी का भाषण सुनने के बाद उनके ख़िलाफ़ केस दर्ज किया था।

राहुल ने अपने भाषण में कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के पीछे आरएसएस का हाथ था।

भिवंडी कोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना की और उसे हर स्तर पर नाकाम बताया।

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार 15-20 बड़े लोगों की सरकार है। किसानों, ग़रीब लोगों की बात इस सरकार में नहीं सुनी जाती। उन्होंने कहा कि मेरे ख़िलाफ़ यह लोग केस करते रहते हैं, मैं इन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *