कठुआ रेप मामले में दोषियों को बचाने की मांग कैसे कर सकता है कोई : राहुल गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्नाव रेप मामले को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने के बाद आज कठुआ में नन्ही बच्ची से गेंगरेप और उसकी नृशंस हत्या को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आठ साल की एक बच्ची से बलात्कार और उसकी हत्या की घटना को ‘अकल्पनीय नृशंसता’ बताया.

राहुल गांधी ने हैरानी जताई कि कोई भी व्यक्ति दोषियों को बचाने की मांग कैसे कर सकता है? कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया, ‘‘उन्हें (अपराधियों को) सजा दिए बिना नहीं छोड़ना चाहिए.’’ राहुल ने इस अपराध को लेकर की जा रही राजनीति की भी आलोचना की. उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह का पाप करने वाले दोषियों का कोई कैसे संरक्षण कर सकता है.’’

 

उन्होंने कहा कि किसी बच्चे के खिलाफ हिंसा मानवता के खिलाफ अपराध है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘हम लोग क्या हो गए हैं कि एक बेकसूर बच्ची से की गई ऐसी अकल्पनीय नृशंसता में हम राजनीतिक दखलंदाजी की इजाजत देंगे.’’

 

गौरतलब है कि बकरवाल मुस्लिम समुदाय की बच्ची जम्मू कश्मीर के कठुआ में रासना गांव स्थित अपने घर के पास से 10 जनवरी को लापता हो गई थी. एक हफ्ते बाद उसी इलाके में उसका शव मिला था. घटना की जांच के लिए गठित एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) और एक हेड कांस्टेबल सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इन पुलिसकर्मियों पर साक्ष्य नष्ट करने का आरोप है.

 

बलात्कार और हत्या की इस घटना के बाद से जम्मू में रोष छाया हुआ है. शहर के बार एसोसिएशन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध किया है और आरोप लगाया है कि अल्पसंख्यक डोगरा समुदाय को निशाना बनाया जा रहा. वहीं, मृतका के लिए न्याय की मांग करते हुए कश्मीर घाटी में प्रदर्शन हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *