हिमाचल की 68 सीटों पर मतदान शुरू, वीरभद्र और धूमल की साख दांव पर

चंडीगढ़\हमीरपुर , हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए आज मतदान हो रहा है. राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग शुरू हो गई है. शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे. मतदान को लेकर सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए गए हैं. इस बार सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम सिंह धूमल और वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बीच है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पहले लोगों से भारी मतदान की अपील की. उन्होंने ट्वीट किया, ” आज देवभूमि हिमाचल प्रदेश में मतदान का दिन है. मेरी विनती है कि सभी मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में भाग लें और भारी संख्या में मतदान करें.
आज देवभूमि हिमाचल प्रदेश में मतदान का दिन है। मेरी विनती है कि सभी मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में भाग लें और भारी संख्या में मतदान करें।
हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव करवाने को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है. उन्होंने बताया कि वैसे तो मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, लेकिन यदि मतदान केंद्रों पर ज्यादा लोग होंगे तो मतदान का समय भी बढ़ाया जा सकता है.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. हर केंद्र पर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात होंगे. प्रदेश में 11300 पुलिस के जवान तैनात किए गए है, जबकि 5430 होमगॉर्ड के जवान राज्य से तैनात हैं, जबकि एक हजार होमगॉर्ड उत्तराखंड से बुलाए गए हैं.
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में इस बार 18 राजनीतिक दलों के 337 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. सबसे ज्यादा उम्मीदवार कांगड़ा में हैं, जहां से 12 उम्मीदवार हैं, जबकि झाडूता में सिर्फ दो उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में हैं.
399 मतदान केंद्र अति संवेदनशील
प्रदेश में विधानसभा चुनावों में 399 मतदान केंद्र ऐसे है, जो अतिसंवेदनशील है और इन पर निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. इन केंद्रों पर पैरा मिलिट्री फोर्स को तैनात किया गया है. सीसीटीवी कैमरों से इन मतदान केंद्रों पर भी नजर रखी जा रही है. इसके अलावा बॉर्डर एरिया भी सील किये गए हैं. अब तक उड़नदस्तों ने 3.35 लाख लीटर शराब पकड़ी है और भारी मात्रा में कैश भी बरामद किया गया है.
वीरभद्र का आखिरी चुनाव
हिमाचल की सियासत में 55 साल से बेताज बादशाह माने जाने वाले वीरभद्र सिंह का ये आखिरी चुनाव है. वे हिमाचल में 6 बार मुख्यमंत्री बने. इतना ही नहीं वह 25 साल की उम्र में सांसद बनने का इतिहास भी रच चुके हैं. वीरभद्र 80 साल के उम्र के पढ़ाव पर हैं. इस उम्र में भी हिमाचल की सियासी रणभूमि जीतने के लिए दिन रात एक किए हुए हैं. हिमाचल में कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा वीरभद्र सिंह ने आजतक से खास बातचीत में कहा कि यह उनका आखिरी चुनाव है. इसके बाद जीवन में वे कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे. वीरभद्र सिंह अर्की सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.

 

 

http://www.naqeebnews.com

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *