PM के “रमजान-दिवाली” वाले बयान पर अखिलेश का वार

ऊंचाहार : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रमजान के साथ-साथ दीवाली में भी बिजली देने सम्बन्धी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए आज कहा कि काशी जैसी पवित्र नगरी से चुने गये मोदी गलतबयानी करके जनता में अपना भरोसा खो चुके हैं। Akhilesh

Akhilesh

अखिलेश ने रायबरेली के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी मनोज पाण्डेय के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में कहा ‘‘हम मानते हैं कि अगर गांव का गरीब किसान गंगा की तरफ हाथ करके कसम खाता है तो सच ही बोलता है।

बताओ, जिसको काशी ने चुनकर भेजा है, हमें उस पर कितना भरोसा करना चाहिये।’’ उन्होंने कहा ‘‘देश के प्रधानमंत्री यह क्या कहकर चले गये।

उन्होंने कहा कि हम रमजान पर 24 घंटे बिजली देते हैं और दीवाली में नहीं। मोदी को पता नहीं है, वह सच बोलें, वाराणसी के सबसे बुजुर्ग विधायक हमारे दादा श्यामदेव चौधरी जी के कहने पर हमने काशी में 24 घंटे बिजली दी थी।

हम प्रधानमंत्री से कहेंगे कि आप गंगा मैया के बेटे हैं तो उसकी कसम खाएं, और खुद से पूछें कि सपा वाराणसी में 24 घंटे बिजली दे रही है या नहीं।’’

अखिलेश ने कहा ‘‘मोदी जी काशी के लोगों ने आपको चुनकर भेजा है। आप दीवापली और रमजान की बात बाद में करियेगा।

आपने ना जाने कितनी और कैसी बातें कर दी हैं। अब देश के प्रधानमंत्री पर कोई भरोसा नहीं कर रहा है। हम कहते हैं कि अगर एक भी काम भाजपा ने किया हो तो बताओ।’’

मालूम हो कि मोदी ने कल फतेहपुर में आयोजित चुनावी रैली में कहा था कि प्रदेश की सपा सरकार हर काम में भेदभाव करती है।

अगर वह रमजान में 24 घंटे बिजली देती है तो उसे दीवाली में भी बिजली देनी चाहिये।

अखिलेश ने अमेठी में आयोजित चुनावी सभा में भी कहा ‘‘अखबार में आपने पढ़ा होगा कि दीवाली में हम बिजली नहीं देते हैं, बल्कि रमजान में देते हैं।

देश के प्रधानमंत्री ने देश को गुमराह किया। यह तो टीवी और मोबाइल का जमाना है। जो भी खबर निकलती है, उसे दुनिया देख लेती है।’’

सपा अध्यक्ष ने अमेठी सीट से सपा प्रत्याशी और उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर हाल में दर्ज हुए सामूहिक बलात्कार के मुकदमे में आरोपी मंत्री गायत्री प्रजापति का नाम नहीं लिया।

हालांकि उन्होंने इसी सीट से कांग्रेस राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की पत्नी कांग्रेस प्रत्याशी अमिता सिंह और भाजपा उम्मीदवार गरिमा सिंह की तरफ इशारा करते हुए कहा ‘‘अगर दो रानियां चुनाव लड़ेंगी तो फायदा किसका होगा।

जब घर पर कब्जा हो गया था, तो हमने मदद कर दी थी, याद करो, इसलिये उस तरफ मत देखना। हैंडल सीधा रखोगे, पैडल ठीक चलाओगे तो साइकिल भी सीधी चलेगी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ करने की बात कर रहे हैं।

अगर वह कर्ज माफ करना चाहते हैं तो पहले भाजपा शासित छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखण्ड के किसानों का कर्ज माफ करें।

अखिलेश ने मोदी सरकार को नोटबंदी के फैसले पर घेरते हुए कहा कि लोकतंत्र में जो जनता को दुख देता है, समय आने पर ऐसे लोगों को जनता सजा देती है।

एक बार हमको लाइन में लगाया। इस बार आप लोग लाइन में लगकर भाजपा के लोगों को सबक सिखाइयेगा। उन्होंने कहा कि रेडियो पर मन की बातआती है, लेकिन कोई भी मोदी के मन की बात नहीं समझ पाया।

मुख्यमंत्री ने अपने चुनाव घोषणापत्र में किये गये वादों का जिक्र किया और कहा कि सपा ने प्रदेश में अपने पांच साल के कार्यकाल में सबको साथ लेकर चलने का काम किया है।

हम तो हवा के खिलाफ भी साइकिल चला लेते हैं। तेज हवा के विपरीत भी हमारा किसान साइकिल चला लेता है, सोचो अगर हवा पक्ष में हो तो साइकिल कितनी तेज चलेगी। पहले, दूसरे और तीसरे चरण में सपा की हवा चली है। इसे आगे बढ़ाना आपकी जिम्मेदारी है।

www.naqeebnews.com

# Akhilesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *