सर्दी-जुकाम और फ्लू के लिए एंटीबायोटिक्स लेना समझदारी नहीं: डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी दी

विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से चेतावनी दी गई है कि एंटीबायोटिक्स सर्दी या फ्लू का इलाज नहीं कर सकतीं, क्योंकि ये बीमारियाँ आमतौर पर वायरस के कारण होती हैं। एंटीबायोटिक्स केवल बैक्टीरियल संक्रमणों का ही इलाज करती हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) को दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बताया है। यह स्थिति तब होती है जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और पैरासाइट उन दवाओं पर रिस्पॉन्ड करना बंद कर देते हैं जिनका वे इलाज करने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं। इससे इन्फेक्शन का इलाज करना मुश्किल हो जाता है।

नवंबर 2026 में ‘विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह’ (World AMR Awareness Week) के दौरान इस बात को याद दिलाते हुए, डब्ल्यूएचओ ने जोर दिया कि एंटीबायोटिक्स का गलत इस्तेमाल ‘एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस’ (AMR) को बढ़ावा देता है। साथ ही, सलाह दी गई कि एंटीबायोटिक्स लेने से पहले किसी योग्य स्वास्थ्य पेशेवर से परामर्श जरूर लें।

मौसम बदलते ही सर्दी-जुकाम, खांसी और फ्लू आम समस्या है। मौसम के साथ प्रदूषण इसे और गंभीर बनाता है। इससे आराम पाने के लिए अकसर लोग बिना सोचे-समझे एंटीबायोटिक्स लेना शुरू कर देते हैं। एंटीबीओटिक्स लेने में की गई जल्दबाज़ी सेहत के लिए बहुत नुकसानदेह साबित होती है।

वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइज़ेशन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा जानकारी में कहा गया है, “सर्दी-जुकाम और फ्लू के इलाज के लिए एंटीबायोटिक्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ऐसा इसलिए है क्योंकि ये बीमारियां आमतौर पर वायरस की वजह से होती हैं, जबकि एंटीबायोटिक्स सिर्फ बैक्टीरियल इन्फेक्शन के खिलाफ काम करती हैं।”

कुछ लोगों को लगता है कि एंटीबायोटिक्स उनकी बीमारी जल्दी ठीक कर देंगी, लेकिन ऐसा करना उनकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। असल में, सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी बीमारियां ज्यादातर वायरल इन्फेक्शन की वजह से होती हैं। एंटीबायोटिक्स न तो वायरस को मारती हैं और न ही रिकवरी को तेज करती हैं।

एंटीबायोटिक्स दवाओं का इस्तेमाल बैक्टीरियल इन्फेक्शन के इलाज के लिए किया जाता है, इसलिए डॉक्टर से सलाह लिए बिना इन्हें लेना सही नहीं है। आम वायरल इन्फेक्शन अक्सर समय के साथ अपने आप ठीक हो जाते हैं। आराम करना, खूब सारा पानी पीना और जरूरत के हिसाब से लक्षणों का इलाज करने से मदद मिल सकती है।

एंटीबायोटिक्स का ज़्यादा इस्तेमाल या गलत इस्तेमाल इस समस्या का एक बड़ा हिस्सा है। इसका असर सिर्फ़ इंसानों की सेहत तक ही नहीं है, बल्कि जानवरों, खेती, फ़ूड सिक्योरिटी, इकॉनमी और पर्यावरण पर भी पड़ता है। इसलिए, अगर आपको सर्दी या फ़्लू है, तो खुद से एंटीबायोटिक्स लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें। भविष्य में उनका असर बेहतर बनाने के लिए उनका सही तरीके से इस्तेमाल करना सबसे अच्छा तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *