बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान से उत्तर भारत में कोहरे और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के परिणाम से सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान बनने के संकेत मिले हैं। इसके नतीजे में उत्तर भारत के इलाक़ों में कोहरे का अलर्ट है जबकि आंध्र, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों ने एक बार फिर से मौसम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। विभाग के मुताबिक़, बंगाल की खाड़ी में बनने वाला डीप डिप्रेशन मज़बूत हो रहा है। इसके आज की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

हालाँकि बंगाल की खाड़ी में बने इस चक्रवाती सिस्टम का लखनऊ पर सीधा और बड़ा असर देखने को नहीं मिला है, लेकिन इसके प्रभाव से उत्तर भारत के वायुमंडल में नमी का पैटर्न जरूर प्रभावित हुआ है।

जानकारी में कहा गया है कि 17 नवंबर की शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके असर से अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जाने का अनुमान है।

चक्रवाती तूफ़ान के हवाले से मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि यह मौसमी सिस्टम पिछले कुछ घंटों में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। बीती रात यानी 15 नवंबर को 23:30 बजे इसकी स्थिति 10.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित थी। चेन्नई से उस वक़्त इसकी दूरी करीब 760 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 870 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व बताई गई थी।

उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और उत्तराखंड में बारिश के आसार
विभाग से मिली जानकारी है कि उत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम प्रभावित होगा। दिल्ली सहित आस पास के शहरों में सोमवार और मंगलवार की सुबह हल्की धुंध और कोहरा रहने की संभावना है। हालाँकि बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है।

उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम के बावजूद सुबह और रात के समय कोहरा रहने की जानकारी दी गई है। मौसम विभाग ने 16 और 17 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की आशंका जताई है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।

उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई इलाक़ों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बदलने के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *