हॉलीवुड के कई नामी सितारों के बीच ऋतिक रोशन ने लॉस एंजिल्स में लॉस एंजिल्स काउंटी म्यूजियम ऑफ आर्ट फिल्म गाला में शिरकत की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह इवेंट का 15वां संस्करण था। इनवाइट-ओनली वाले इस सालाना चैरिटी इवेंट में फिल्म निर्माता डेनिस विलेन्यूवे और कलाकार विजा सेल्मिन्स को फिल्म निर्माण और कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
यह गाला इवेंट, सिनेमा सहित कला, फैशन, बिजनेस और समाज सेवा की दुनिया की जानी-मानी हस्तियों का जमघट होता है। इस आयोजन में सम्मिलित होने वाले मेहमान हॉलीवुड स्टार्स के अलावा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कलाकार या प्रभावशाली उद्योगपति होते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 नवंबर की शाम को आयोजित इस वार्षिक गाला में ऋतिक रोशन की मौजूदगी भारतीय प्रतिनिधित्व के तहत एक महत्वपूर्ण पल था। ऋतिक इसमें शामिल होने वाले पहले मुख्यधारा के भारतीय अभिनेता बन गए हैं।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि इस गाला में ऋतिक रोशन की मेजबानी भारतीय मूल की निर्माता, वेंचर कैपिटलिस्ट और ‘इंटरनेशनल एमी बोर्ड’ की सदस्य कविता गुप्ता ने की। कविता अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का काम कर रही हैं।
लॉस एंजिल्स काउंटी म्यूजियम ऑफ आर्ट फिल्म गाला’ में ऋतिक रोशन बड़े ही स्टाइलिश अंदाज में नजर आए। इस अवसर पर उन्होंने इटली के लग्जरी फैशन ब्रांड ‘ब्रुनेलो कुसिनेली’ का खास टक्सीडो पहना था। यह ब्रांड अपनी ‘क्वाइट लग्जरी’ और ‘ह्यूमेनिस्टिक कैपिटलिज्म’ की विचारधारा के लिए जाना जाता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस वार्षिक गाला को लग्जरी फैशन ब्रांड ‘गुच्ची’ का सहयोग हासिल है। यह आयोजन के ज़रिए कला, फिल्म और संस्कृति के संगम का जश्न मनाते हैं। इस कार्यक्रम की सह-अध्यक्षता हॉलीवुड अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो और उद्यमी व सांस्कृतिक मामलों की जानकार ईवा चाउ ने की।