वाराणसी शहर ने पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम शुरू किया है। यहाँ आने वाले सैलानियों के लिए अच्छी खबर है। इस शहर में अब एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए किसी महंगे साधन के बिना भी अपना काम किया जा सकता है और इसका विकल्प बना है-किराए पर साइकिल और ई-साइकिल। इस सुविधा की शुरुआत नगर निगम ने की है।
वाराणसी शर के लोग और यहाँ आने वाले पर्यटक अब किराए पर साइकिल और ई-साइकिल ले सकेंगे। इस साधन का किराया बेहद मामूली है। मात्र 15 रुपये में कोई भी व्यक्ति 30 मिनट के लिए साइकिल ले सकता है जबकि ई-साइकिल के लिए उसे 30 रुपये भुगतान करना होगा।
इस सुविधा को उपलब्ध कराने के लिए शहर में कई स्टेशन बनाए गए हैं। इसकी बुकिंग के लिए Smart Bike ऐप है। अब एक नज़र डालते हैं इस सुविधा को हासिल करने से जुड़ी जानकारी का।
वाराणसी में किराए पर साइकिल और ई-साइकिल लेने के लिए नगर निगम ने पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम की शुरुआत की है। इस सुविधा से स्थानीय लोगों के साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी फायदा मिलेगा।
इसके लिए शहर के विभिन्न इलाकों में साईकिल स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें सिगरा, कचहरी, बनारस क्लब, गुरुधाम, रविंद्रपुरी, इंग्लिशिया लाइन, कैंटोनमेंट और बीएचयू शामिल हैं। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी स्टेशन बनाने की योजना है। यहाँ से किराए पर साइकिल और ई-साइकिल लेकर लोग कम खर्च में एक से दूसरी जगह जा सकेंगे।
गौरतलब है कि वाराणसी से पहले, चंडीगढ़, हैदराबाद, भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में यह सुविधा चल रही है। इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम से शहर के वातावरण को साफ रखने में मदद मिलेगी। उनके अनुसार, लोग भीड़भाड़ से बचकर आसानी से इस ऐतिहासिक और पौराणिक शहर में घूम सकेंगे। साथ ही उन्होंने इस सुविधा के माध्यम से लोगों के लिए एक आसान और कम खर्च वाला विकल्प मुहैया कराने की बात कही।
यह सुविधा को दो अलग-अलग चरणों में शुरू की जा रही है। नगर आयुक्त द्वारा साझा जानकारी में कहा गया है कि योजना के तहत 300 से ज्यादा साइकिल और ई-साइकिल उपलब्ध कराई जाएंगी। ई-साइकिल की खास बात यह है कि एक बार चार्ज करने पर इससे 40 किलोमीटर तक की दूरी तय की जा सकती है।
साइकिल और ई-साइकिल लेने के लिए लोगों को Smart Bike ऐप का इस्तेमाल करना होगा। ऐप प्ले स्टोर पर उपलब्ध इस ऐप के माध्यम से लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार साइकिल बुक कर सकते हैं।
जानकारी में यह भी कहा गया है कि, इस सुविधा के तहत मिलने वाली साइकिल और ई-साइकिल में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। इन्हें इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर से भी जोड़ा गया है। इससे प्रत्येक साइकिल पर 24 घंटे नजर रखी जा सकेगी।