एकजुट हुए विपक्ष का मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आज फिर हल्ला बोल

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों और एसआईआर विवाद को लेकर इंडिया गठबंधन (INDIA Bloc) और विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है। विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ एकजुट हुआ विपक्ष आज फिर दिल्ली में विरोध मार्च निकालने की तैयारी कर चुका है। बीते दिन 6 अक्टूबर को इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर विरोध मार्च निकाला था जिसे सुरक्षाकर्मियों ने रास्ते में ही रोक दिया था।

एसएआर में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष इस समय सड़क पर है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। शेड्यूल के मुताबिक़, कांग्रेस,आप और वामपंथी दल दोपहर एक बजे दिल्ली इलेक्शन कमीशन के दफ्तर तक संयुक्त मार्च निकालेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, आप और वामपंथी दल इस विरोध प्रदर्शन में आज कांग्रेस के साथ शामिल रहेंगे। विपक्षी दलों का यह संयुक्त मार्च कश्मीरी गेट स्थित सीईओ कार्यालय की ओर बढ़ेगा।

गौरतलब है कि बीते दिन प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने पुलिस के विरोध के बावजूद बैरिकेड्स पर चढ़कर तिरंगा लहराया। इसके बाद राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस सांसद आकाशवाणी भवन के अंदर दाखिल हो गए और ईसी दफ्तर जाने का प्रयास किया।

इन लोगों को आगे जाने से रोके जाने पर राहुल गांधी सहित सभी नेता धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि संसद के दोनों सदनों के करीब 300 सांसदों को चुनाव आयोग से मिलने से रोका गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, राहुल गांधी ने कहा, “हमारे देश के साथ जो किया गया है उसे देशद्रोह कहा जाता है और कोई भी बचने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने देश से लोकतंत्र खत्म कर दिया है। इन लोगों ने ‘वोट चोरी’ कर देश को हाईजैक कर लिया है। इनसे कोई नहीं बचेगा, सब पर कार्रवाई होगी।”

पत्रकारों से राहुल गांधी ने बताया कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ने नहीं दिया गया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित इन सभी नेताओं का धरना देर रात तक आकाशवाणी भवन परिसर में जारी रहा। यहाँ से इन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बाद में किंग्सवे कैंप ले जाकर छोड़ दिया।

गौरतलब है कि एसएआर को लेकर जारी यह विरोध अब बड़ा रूप लेता जा रहा है। इस विरोध में बीते सप्ताह आम आदमी पार्टी के साथ एसएफआई आइसा सहित कई वामपंथी छात्र संगठनों ने भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ होने वाले इस प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *