चीन में रहने वाली छह साल की बच्ची ने रूबिक्स क्यूब का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इस छोटी सी उम्र में लियान युनझी दुनिया की इकलौती महिला क्यूब सॉल्व करने वाली हस्ती बन गई हैं।
वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन में इस छोटी बच्ची ने 3x3x3 रूबिक्स क्यूब के लिए महिलाओं का वर्ल्ड रिकॉर्ड तीन दिनों में दो बार तोड़ा है। लियान का औसत समय 4.5 सेकंड से कम है। उन्होंने चीन के वुहान और ग्वांगझू में हुई प्रतियोगिताओं में पहले 4.52 सेकंड और फिर 4.27 सेकंड के औसत समय के साथ रिकॉर्ड तोड़ा।
सिचुआन प्रांत की इस युवा प्रतियोगी ने पिछले एक साल में क्यूब पर रोज़ाना दो से तीन घंटे बिताकर कड़ी ट्रेनिंग के बाद रूबिक्स क्यूब सॉल्व करने के 1,300 से ज़्यादा एल्गोरिदम में महारत हासिल की है।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, उनके माता-पिता उन्हें टॉप प्रोफेशनल कोच से ट्रेनिंग दिलाने के लिए शंघाई ले गए, जहाँ उनके नतीजों में ज़बरदस्त सुधार हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, 3x3x3 पज़ल को सबसे तेज़ी से एक बार में सॉल्व करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सिर्फ़ 2.76 सेकंड का है, जो इस साल की शुरुआत में पोलैंड के नौ साल के लड़के थियोडोर ज़ाजडर ने बनाया था।
पोलैंड के ग्दान्स्क में उनके प्रदर्शन ने 3.05 सेकंड के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। स्पीडक्यूबिंग के नाम से मशहूर कॉम्पिटिटिव रूबिक्स क्यूब सॉल्विंग की दुनिया में कई तरह के कॉम्पिटिशन होते हैं, जिनमें आंखों पर पट्टी बांधकर और एक हाथ से क्यूब सॉल्व करने जैसी रेस शामिल हैं। इसमें 7x7x7 स्क्वेयर तक के क्यूब का इस्तेमाल किया जाता है।