दिल्ली में जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले कर जबरन अस्पताल में भर्ती कर दिया है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर सोनम की अनिश्चितकालीन हड़ताल का आज 21वां दिन है। इस बीच खबर मिली है कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने की घोषणा की है। भूख हड़ताल पर बैठे आइसा के तीन सदस्य भी अपनी हड़ताल जारी रखेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ दिल्ली पुलिस ने शनिवार यानी 18 जुलाई की सुबह लद्दाख के इनोवेटर और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 21वें दिन हिरासत में लेने के बाद जबरन अस्पताल में भर्ती कर दिया है। वहीँ सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि वांगचुक सहित ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन छात्र कार्यकर्ता – नेहा, आमीन और मनीष भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इन सभी की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ देश की परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जाए।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा क पोस्ट के हवाले से जानकारी दी है कि वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के आधार पर दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए उन्हें अस्पताल लाया गया है।
भूक हड़ताल पर बैठे वांगचुक को ले जाते समय पुलिसकर्मियों ने उनके चारों ओर सफेद चादरों से घेरा बनाया। खबर है कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। जिस समय दिल्ली पुलिस वांगचुक को ले जा रही थी उस वक़्त प्रदर्शनकारी पुलिस को वांगचुक तक पहुंचने से रोकने की कोशिश करते दिखाई दिए लेकिन पुलिस उन्हें ले जाने में कामयाब रही।
आइसा द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि आज सुबह प्रदर्शन स्थल पर मौजूद छात्र प्रदर्शनकारियों ने आइसा के तीनों कार्यकर्ताओं के चारों ओर मानव श्रृंखला बना ली, ताकि पुलिस उन्हें हिरासत में न ले सके।
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर दावा किया कि पार्टी के नेता अभिजीत दिपके को जिस स्थान पर वे ठहरे हुए थे, वहां दिल्ली पुलिस ने घेर लिया था। यही दावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रवक्ता अनीश गावंडे ने भी किया है। बताते चलें कि दिपके इनके घर ही ठहरे थे।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया. हालांकि बाद में उन्हें प्रदर्शन स्थल जाने की अनुमति दे दी गई। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि दिल्ली पुलिस ने आज इतनी गिरी हुई हरकत की है।
पिछले कई दिनों से सीजेपी और आइसा के प्रदर्शन के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित थे. लेकिन शनिवार सुबह सीजेपी के नेताओं ने भी आइसा के प्रदर्शन स्थल से संबोधन किया और कहा कि नेहा, आमीन और मनीष अपनी भूख हड़ताल जारी रखेंगे। इस मामले में अभी तक सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।