भारत के पहाड़ी पूर्वोत्तर राज्य मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल में एक क्लासरूम है। इस शहर को ‘साइलेंट सिटी’ (शांत शहर) भी कहा जाता है क्योंकि यहाँ हॉर्न न बजाने का चलन है। यहाँ 20-22 साल के भारतीय छात्रों का एक ग्रुप जापानी भाषा सीख रहा है।
उनका मकसद जापान में अच्छी सैलरी वाली नौकरी पाना है। एक ऐसा देश जहाँ उन्हें लगता है कि ऐसे मौके मिल सकते हैं जो उन्हें अपने देश में नहीं मिल सकते।
यह क्लास ‘Youth4Japan Academy’ चलाती है और इसे ‘Japan Centre of Excellence’ (जिसे आम तौर पर Jaceex कहा जाता है) ऑपरेट करता है। Jaceex 2019 में शुरू हुआ एक भारतीय एजुकेशनल और स्किलिंग स्टार्टअप है, जो मुख्य रूप से पूर्वोत्तर भारत के युवाओं को जापान में नौकरी के लिए तैयार करता है।
Jaceex के ज़्यादातर छात्रों ने कभी भारत नहीं छोड़ा है। वे जापान के बारे में जो कुछ भी जानते हैं, वह ज़्यादातर स्क्रीन पर देखी गई चीज़ों जैसे एनीमे, यू ट्यूब और सोशल मीडिया से ही जानते हैं।
बीस साल की लल्लामपुई कहती हैं, “मुझे एनीमे से पता चला है कि जापानी लोग अच्छे, मेहनती और विनम्र होते हैं। मैं भी ऐसे ही माहौल में काम करना चाहती हूँ।” उन्होंने पिछले साल हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की और अब जापानी भाषा सीख रही हैं, ताकि Youth4Japan के ज़रिए केयरगिवर की नौकरी पा सकें।
सत्ताईस साल के जोनाथन लालेंकवला का ध्यान ज़्यादातर अपनी आर्थिक स्थिति पर है। उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी और अभी आइज़ोल के एक बैंक में पार्ट-टाइम कोऑर्डिनेटर के तौर पर काम कर रहे हैं। वे कहते हैं, “मैं बहुत सारा पैसा कमाने के लिए जापान जाना चाहता हूँ। भारत में मैं उतना पैसा नहीं कमा सकता।”
एक दशक पहले, ऐसे छात्र शायद पश्चिमी देशों जैसे कनाडा, अमरीका या ऑस्ट्रेलिया की ओर देखते हैं जहाँ भारतीय प्रवासियों के लिए पारंपरिक जगहें रही हैं। लेकिन अब उन देशों का आकर्षण कम हो रहा है। इनमें से कुछ छात्र अमरीका के खराब राजनीतिक माहौल की ओर इशारा करते हैं तो कोई ज़्यादा खर्च का हवाला देते हैं।
केयरगिविंग यानी देखभाल के काम में शायद ‘व्हाइट-कॉलर’ नौकरी जैसी चकाचौंध न हो, लेकिन इन छात्रों के लिए यह एक नई ज़िंदगी की शुरुआत है और कुछ के लिए सर्टिफाइड केयरवर्कर बनने की दिशा में पहला कदम है। उन्हें पता है कि जापान के बारे में उनकी सोच शायद पूरी तरह सही न हो, लेकिन इससे वहाँ जाने की उनकी इच्छा कम नहीं हुई है।
जापान ने कुछ वीज़ा के लिए नियम कड़े किए हैं, लेकिन साथ ही उन इंडस्ट्रीज़ में काम करने वालों के लिए नए रास्ते भी खोले हैं जहाँ लंबे समय से मज़दूरों की कमी है। तेज़ी से बूढ़ी होती आबादी और घटते वर्कफ़ोर्स की वजह से जापान जिन सेक्टर में दबाव महसूस कर रहा है, उनमें केयरगिविंग (देखभाल का काम) भी शामिल है।
स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय का अनुमान है कि 2022 में इस क्षेत्र में लगभग 21.5 लाख लोग काम कर रहे थे। मंत्रालय का अनुमान है कि 2040 तक जापान को लगभग 5,70,000 और केयर वर्करों की ज़रूरत होगी। इस कमी को पूरा करने के लिए मंत्रालय के पाँच मुख्य लक्ष्यों में से एक है “विदेशी वर्करों को अपनाने के लिए माहौल बेहतर बनाना”।
इसका नतीजा यह हुआ है कि भारत और जापान के बीच एक “केयरगिवर कॉरिडोर” बन रहा है। इससे आइज़ोल की Youth4Japan Academy में जापानी भाषा सीख रहे 23 साल के अमोस लालह्रुइज़ेला जैसे युवाओं के लिए नए मौके बन रहे हैं।
2019 में जापान ने ‘स्पेसिफाइड स्किल्ड वर्कर’ (SSW) वीज़ा शुरू किया। यह विदेशी नागरिकों के लिए उन सेक्टर में काम करने का एक नया रास्ता है जहाँ मज़दूरों की कमी है, जैसे नर्सिंग केयर, खेती, कंस्ट्रक्शन, फ़ूड सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग। लालह्रुइज़ेला और उनके क्लासमेट उन लोगों में शामिल हैं जो भारत और जापान के बीच बन रहे इस नए माइग्रेशन रास्ते से जुड़ रहे हैं।
हालाँकि, भारतीय नागरिकों के मामले में यह संख्या अभी भी कम है। जून 2025 तक, 578 भारतीयों के पास ‘टाइप 1’ स्टेटस था (जो कुल संख्या का लगभग 0.17% है), जबकि 3,000 से ज़्यादा होल्डर्स में से सिर्फ़ दो ही ‘टाइप 2’ तक पहुँच पाए थे। ‘नर्सिंग केयर रेजिडेंस स्टेटस’ के तहत लगभग 13,500 होल्डर्स में से सिर्फ़ 43 भारतीय थे। यह एक लंबे समय का वीज़ा है और जिसके लिए नेशनल केयरगिवर सर्टिफ़िकेशन की ज़रूरत होती है। फ़िलहाल, केयरगिवर कॉरिडोर अभी शुरुआती दौर में है।