द फैमिली मैन शो के क्रिएटर राज निदिमोरु ने सीजन 4 की पुष्टि की है। खबर है कि इसकी कहानी लिखी जा रही है। मेकर्स का कहना है कि सीजन 3 और सीजन 4 एक ही कहानी के दो हिस्से हैं। इसकी रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं किया गया है।
‘द फैमिली मैन’ सीजन 3 का अंत कई अनसुलझे सवालों के साथ हुआ था, जिसके बाद दर्शकों की जिज्ञासा बनी हुई थी कि श्रीकांत तिवारी की कहानी आगे कैसे बढ़ेगी। अब मेकर्स ने इसके हवाले से अच्छी खबर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, अमेजन प्राइम वीडियो पर ही रिलीज होने वाले स्पाई थ्रिलर का अगला चैप्टर तैयार किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है। शो क्रिएटर राज निदिमोरु ने एक इंटरव्यू में जानकारी दी है कि नए सीजन पर तेजी से काम चल रहा है और इसकी कहानी लिखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सीजन 3 और सीजन 4 को शुरुआत से ही एक ही बड़ी कहानी के दो हिस्सों के रूप में तैयार किया गया था।
मेकर्स के मुतबिक, श्रीकांत तिवारी की निजी यात्रा को जानबूझकर अधूरा छोड़ा गया था, क्योंकि उसे अगले सीजन में आगे बढ़ाना था। उन्होंने कहा कि कुछ दर्शकों को लगा कि तीसरे सीजन का अंत अचानक कर दिया गया, लेकिन मेकर्स इसे मुख्य कहानी के अपने सही पड़ाव पर पहुंचना कह रहे हैं।
यह भी बता दें कि अमेजन प्राइम वीडियो की तरफ से अभी तक सीजन 4 की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है। वैसे राज निदिमोरु का बयान इतना ज़रूर स्पष्ट करता है है कि श्रीकांत तिवारी की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है और आने वाले सीजन में इसका रोमांचक सफर आगे बढ़ेगा।
याद दिला दें कि सीजन 3 की कहानी उत्तर-पूर्व भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। पहले के सीजनों में जहां आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा मुख्य विषय थे, वहीं इस बार कहानी प्रोजेक्ट सहकार के इर्द-गिर्द घूमती है। यह सरकार की एक विकास योजना है, जिसका उद्देश्य उत्तर-पूर्वी क्षेत्र का विकास करना है।
मगर इस बीच कहानी में नया मोड़ आता है और जयदीप अहलावत द्वारा निभाया गया रुक्मा का किरदार कई स्थानीय नेताओं की हत्या कर देता है। इसके बाद सरकार के सामने बड़ा संकट आ जाता है। इस कठिन समय में श्रीकांत तिवारी को राष्ट्रीय सुरक्षा की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी की चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है।