एशिया के कई देशों में कोकीन को ज़ब्त किए जाने की दर दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ी है- रिपोर्ट

वैश्विक अस्थिरता का लाभ उठाकर मादक पदार्थों के तस्कर नई तकनीक और तरीकों से नशीले पदार्थ का कारोबार कर रहे हैं। तस्करी के नए मार्ग नए बाज़ारों का तेज़ी से विस्तार कर रहे हैं। नतीजे में नशीले पदार्थों के सेवन में रिकॉर्ड उछाल दर्ज किया गया है।

संयुक्त राष्ट्र के मादक पदार्थ एवं अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) की इस वर्ष की रिपोर्ट बताती है कि वर्ष 2024 में दुनिया भर में अनुमानित 33.1 करोड़ लोगों, किसी न किसी मादक पदार्थ का सेवन किया। रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2024 के बीच अफ़्रीका और एशिया के कई देशों में कोकीन को ज़ब्त किए जाने की दर दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ी है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में कोकीन का उत्पादन लगातार बढ़ता रहा और पिछले दस वर्षों में यह चार गुना से अधिक बढ़कर 4 हज़ार टन (शुद्ध रूप में) से अधिक होने का अनुमान है. इसका प्रमुख कारण खेती के क्षेत्र और उत्पादन क्षमता में वृद्धि है।

2024 में सबसे अधिक 25.6 करोड़ लोगों ने भांग या गांजा (Cannabis) का सेवन किया। इसके बाद अफ़ीम का सेवन करने वालों की संख्या 6.3 करोड़, एम्फ़ेटामिन 3.2 करोड़, कोकीन 2.5 करोड़ और एक्स्टेसी 2.1 करोड़ रही।

UNODC की कार्यकारी निदेशक मोनिका जूमा ने कहा कि बाज़ार में नए प्रकार के नशीले पदार्थों की संख्या अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है और इनमें से कुछ पदार्थ, पहले की तुलना में अधिक शक्तिशाली तथा ख़तरनाक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके कारण समय से पहले होने वाली लाखों मौतें, संगठित अपराध, आर्थिक विकृतियाँ, हिंसा और असुरक्षा बढ़ रही है। उन्होंने संगठित अपराध गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई तेज़ करने, ख़ुफ़िया जानकारी साझा करने, संयुक्त अभियानों तथा नशा रोकथाम और उपचार में अधिक निवेश की अपील की है।

तस्करी के नए तरीक़े
रिपोर्ट के अनुसार, अवैध मादक पदार्थ बनाने वाले गिरोह, नियमों से बचने और पकड़ में नहीं आने के लिए लगातार नए सिंथेटिक नशीले पदार्थ विकसित कर रहे हैं। वर्ष 2024 में ज़ब्त किए गए नशीले पदार्थों के प्रकारों की संख्या वर्ष 2000 से पहले की तुलना में 5 गुना अधिक रही। इसी वर्ष मादक पदार्थों के बाज़ार में प्रचलित नए मनो-सक्रिय पदार्थों (NPS) की संख्या बढ़कर 755 हो गई, जिनमें 118 पदार्थ पहली बार दर्ज किए गए।

रिपोर्ट बताती है
अफ़ग़ानिस्तान में 2022 में मादक पदार्थों पर प्रतिबन्ध लागू होने के बाद अफ़ीम और हेरोइन के अवैध उत्पादन में भारी गिरावट आई है।

म्याँमार में अफ़ीम उत्पादन 2021 के 420 टन से बढ़कर 2025 में 1 हज़ार टन से अधिक हो गया, लेकिन लाओस और मैक्सिको में अफ़ीम उत्पादन के साथ यह कुल वृद्धि, अफ़ग़ानिस्तान में आई कमी की भरपाई नहीं कर सकी, जहाँ 2022 में 6 हज़ार टन से अधिक अफ़ीम का उत्पादन हुआ था।

रिपोर्ट के अनुसार, फ़ेंटानिल, निटाज़ीन और ऑर्फ़ीन जैसे नए सिंथेटिक अफ़ीम उत्पादों की तरफ़ रुझान बढ़ रहा है जो इस बात का संकेत है कि तस्कर, हेरोइन के अप्राकृतिक विकल्प तलाश रहे हैं।

पिछले एक दशक में कैनाबिस का सेवन करने वालों की संख्या 40 प्रतिशत बढ़ी है.15 से 64 वर्ष आयु वर्ग में इसके प्रयोग का प्रसार 2014 के 3.8 प्रतिशत से बढ़कर 2024 में 4.8 प्रतिशत हो गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले भांग या गांजा (Cannabis) की तस्करी मुख्यतः एक ही क्षेत्र के भीतर होती थी, क्योंकि इसकी खेती लगभग कहीं भी की जा सकती है। लेकिन अब उत्तरी अमरीका से अन्य क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति बढ़ रही है। वर्ष 2015 से 2024 के बीच उत्तरी अमरीका के बाहर 57 देशों और क्षेत्रों ने भांग ज़ब्त किए जाने के मामलों में उत्तरी अमरीका को स्रोत क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया, जबकि इससे पहले के दशक में यह संख्या केवल 11 थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *