लॉर्ड्स का क्रिकेट मैदान भारत की दीप्ति शर्मा के लिए यादगार साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ‘ग्रुप-ए’ मैच में दीप्ति महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं।
भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के 355 इंटरनेशनल विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ने के सिर्फ एक विकेट की ज़रूरत थी। दीप्ति को यह अवसर तब मिला जब उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई स्टार बेथ मूनी को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
गेंद का सामना करते हुए बेथ मूनी ने ऑफ-स्पिनर की गेंद पर स्लॉग-स्वीप करने की कोशिश की, लेकिन शॉट सही से नहीं लगा और राधा यादव ने लॉन्ग-ऑन पर आसान सा कैच पकड़ लिया। मूनी 20 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुईं और दीप्ति ने अपने इंटरनेशनल करियर का 356वां विकेट हासिल कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह दीप्ति का 278वां इंटरनेशनल मैच था। अब इस ऑलराउंडर खिलाड़ी के नाम तीनों फॉर्मेट में कुल 356 विकेट हो गए हैं। गौरतलब है कि दीप्ति ने छह टेस्ट मैचों में 22 विकेट, 124 वनडे मैचों में 166 विकेट और 148 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 168 विकेट अपने नाम किए हैं। दीप्ति इस मुक़ाबले में 14 जून को बर्मिंघम में खेले गए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेकर अपना शानदार खेल दिखा चुकी हैं।
दीप्ति से पहले यह रिकॉर्ड झूलन गोस्वामी के नाम था, जिन्होंने 284 इंटरनेशनल मैचों में 355 विकेट लेने के बाद संन्यास लिया था। बताते चलें कि झूलन ने अपने करियर का समापन 12 टेस्ट में 44 विकेट, 204 वनडे में 255 विकेट और 68 टी20 में 56 विकेट के साथ किया था।
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली खिलाड़ियों की सूची में दीप्ति के बाद अब ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलिस पेरी का नाम है जिनके पास 336 विकेट हैं, उनके बाद इंग्लैंड की कैथरीन साइवर-ब्रंट (335 विकेट), सोफी एक्लेस्टोन (333 विकेट) और साउथ अफ्रीका की शबनीम इस्माइल (323 विकेट) मौजूद हैं।
हालाँकि इस मैच में भारत को कामयाबी नहीं मिली मगर मैच में दीप्ति ने 4 ओवरों में 31 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 4 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवरों में 6 विकेट शेष रहते मुकाबला जीत लिया था।