भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कुछ हिस्सों में मूसलाधार और अत्यधिक भीषण बारिश की चेतावनी दी है। मौसम के ये तेवर आम जनजीवन प्रभावित कर सकते हैं। मौसम विभाग की मानें तो आज 29 जून को देश के 18 राज्यों में भारी से होने का अनुमान है। साथ ही विभाग ने उत्तर प्रदेश सहित 26 राज्यों में तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी दी है।
लखनऊ के आसमान में बादलों की आवजाही लगी है। सोमवार सुबह कुछ इलाक़ों में हलकी बारिश हुई। इस बारिश से उमसभरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बीते दिन यानी रविवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम था। आज दिन में 3-4 बार हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे बीते दिनों से चल रही लू से छुटकारा मिलेगा।
विभाग के मुताबिक़, मौसम के मिजाज बदलने के साथ अगर पूर्वी हवाओं का प्रभाव लगातार बना रहा तो उत्तर प्रदेश में मानसून का प्रवेश आज से कल के बीच मुमकिन है। मौसम विभाग ने लखनऊ में 3-4 बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी यूपी के रास्ते दक्षिण-पश्चिम से मानसून दस्तक देगा।
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार के कुछ अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव के साथ 30 जून से 2 जुलाई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट के संकेत मिले हैं। ऐसे में दिल्ली-यूपी के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल जाएगी।
मौसम विभाग द्वारा साझा जानकारी में कहा गया है कि मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात के सूरत, मध्य प्रदेश के इंदौर एवं मांडला, झारखंड के डालटनगंज और बिहार के मोतिहारी से होकर गुजर रही है। ऐसे में आने वाले 2-3 दिनों के भीतर मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के बचे हुए हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।