मौसम शुष्क होने और उत्तरी पूर्वी हवा के चलने से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान में वृद्धि जारी है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के समय भीषण गर्मी का दौर फिर से शुरू हो गया है। साथ ही पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में हल्की और मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
शुक्रवार सुबह से ही राजधानी लखनऊ में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का माहौल रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज बादलों की आवाजाही रहेगी। इस बीच 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 40 न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में आज गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। मध्य उत्तर प्रदेश पर बना चक्रवर्ती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को इसका कारण बताया जा रहा है। इसके चलते गर्मी से हल्की राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में शनिवार को भी ज्यादातर जिलों में शुष्क हवा के साथ दिन में तेज धूप खिलने के संकेत मिले हैं। वहीं कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की भी उम्मीद है।
इस बीच आगरा में 2 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में भारी उतार-चढ़ाव की स्थिति के साथ 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। वहीँ गुरुवार को सबसे अधिक बारिश गोरखपुर जिले में लगभग 20 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बाराबंकी, मेरठ, अलीगढ़ में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने जिन ज़िलों में बादल गरजने-बिजली गिरने की संभावना जताई है उनमें लखनऊ सहित बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, गोंडा, श्रावस्ती, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून अपडेट
हालाँकि पूर्व में मौसम विज्ञान विभाग ने समय से पहले मानसून केरल पहुंचने का पूर्वानुमान जताया था। इस बार मानसून अपने तय समय से 4 दिन देरी से केरल में एंट्री की है। केरल में मानसून की एंट्री होने के बाद अब मानसून धीरे-धीरे पश्चिम बंगाल और बिहार के रास्ते आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश में भी 24 जून के बीच एंट्री कर सकता है।
उत्तर प्रदेश का बांदा गुरुवार को सबसे अधिक गर्म जिला रहा। यहाँ अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य है। वहीं न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है।