यूआइडीएआइ के बड़े फैसले के बाद बंद होगा पुराना आधार ऐप

पुराना एम आधार ऐप जल्द ही बंद कर दिया जाएगा। जिससे भविष्य में स्मार्टफोन पर आधार सेवाओं के काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव आएगा। सरकार का यह फैसला यूआइडीएआइ (Unique Identification Authority of India) की उस योजना का हिस्सा है, जिसका मकसद लोगों को अधिक सुरक्षा के साथ व्यक्तिगत डेटा पर बेहतर नियंत्रण और आधुनिक डिजिटल वेरिफिकेशन सिस्टम मुहैया करना है।

सोशल मीडिया साइट एक्स पर शेयर किए गए एक पोस्ट में आधार के आधिकारिक अकाउंट ने इस बदलाव की पुष्टि की है। पोस्ट में लोगों से नए लॉन्च किए गए आधार ऐप पर शिफ्ट होने की अपील भी की गई है।

पोस्ट में लिखा है, ‘mAadhaar ऐप जल्द ही बंद हो जाएगा। नया आधार ऐप डाउनलोड करें और तेज एक्सेस, बेहतर सुविधाओं का अनुभव करें और अपनी उंगलियों पर सेवाओं का आनंद लें। इसे आपके आधार अनुभव को पहले से कहीं अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।’

नै सुविधा के तहत, अब यूजर्स पूरी आधार जानकारी देने के बजाय, QR वेरिफिकेशन के जरिए संबंधित और ज़रूरी जानकारी साझा कर सकेंगे। इस सुविधा से अस्पताल, सरकारी कार्यालय, होटल सहित अन्य सेवा केंद्रों पर पहचान की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।

वहीँ इस नै सुविधा से ऑथेंटिकेशन सिस्टम को भी बड़ा अपडेट मिला है। अभी तक आधार एक्सेस, ज्यादातर एसएमएस पर आने वाले ओटीपी पर निर्भर करता था। अब नए सिस्टम में सुरक्षा की कई अतिरिक्त परतें जोड़ी गई हैं। ओटीपी के साथ अब कुछ सेवाओं के लिए फेस ऑथेंटिकेशन और क्यूआर वेरिफिकेशन भी जरूरी हो सकता है। इसका मकसद आधार के गलत इस्तेमाल को रोकना और डिजिटल पहचान की सुरक्षा को मजबूत बनाना है।

नए आधार को एक्टिवेट करने के लिए यूजर्स को सबसे पहले Play Store जैसे वेरिफाइड ऐप स्टोर से ऑफिशियल ‘Aadhaar’ ऐप डाउनलोड करना होगा। अपनी पसंदीदा भाषा चुनने के बाद, उन्हें अपने आधार अकाउंट से जुड़ा मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और OTP मिलने पर इसे वेरिफाई करना होगा।

इस प्रक्रिया के दौरान कुछ यूजर्स से फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करने के लिए भी कहा जा सकता है। एक बार यह हो जाने पर, वे अपना पिन बना सकते हैं या बायोमेट्रिक अनलॉक को एक्टिव कर सकते हैं, फिर अपना आधार नंबर जोड़कर एक और ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा कर सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि नए ऐप पर यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है जब UIDAI ने अपनी फ्री ऑनलाइन Aadhaar डॉक्यूमेंट अपडेट सेवा को भी आगे बढ़ा दिया है। यूजर्स 14 जून, 2027 तक myAadhaar पोर्टल पर अपने पहचान और पते के दस्तावेजों को बिना किसी शुल्क के अपडेट और वेरिफाई कर सकते हैं। अभी तक यह सुविधा केवल 15 जून, 2026 तक निशुल्क रहने वाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *