मौसम के बदले मिज़ाज ने प्रदेशवासियों को झुलसती गर्मी से राहत दी है। तापमान में हुई गिरावट ने माहौल ही बदल दिया। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 29 अप्रैल से ही बारिश और तेज हवाओं ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सुबह से ठंडी हवा चल रही है। तापमान में करीब दस डिग्री की गिरावट ने माहौल खुशनुमा बना दिया है। लखनऊ में आज मुख्य रूप से बादल छाए रहने के साथ तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिन में यह बढ़कर अधिकतम 32 डिग्री तक जा सकता है। शाम में हल्की बारिश की संभावना है। रात में तापमान गिरकर लगभग 22 डिग्री तक आ सकता है। जिन इलाकों में धूप तेज निकलेगी वहां का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने के मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं।
बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है।
यहाँ बीते दिन बुधवार की दोपहर के बाद आने वाली आंधी और हल्की बारिश ने मौसम में बड़ा बदलाव किया है। आज भी शहर और आस पास बादलों का डेरा है। इस बीच मौसम विभाग ने आंधी के साथ हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले 2 दिनों में 4 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना है। अधिकतम आर्द्रता 72 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 23 फीसदी रही।
मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत स्थायी नहीं होगी। मौसम में अगले छह दिनों तक उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आज के बाद 4 और 5 मई को भी बारिश की संभावना है, जबकि 2 और 3 मई को मौसम साफ रहने के बावजूद तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं।
इस बेच विभाग ने उत्तर प्रदेश में 40 से अधिक जिलों में आंधी भरी तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग इसे अप्रैल के आखिरी दिन प्री-मानसून की गतिविधियों की शुरुआत का संकेत भी मान रहा है।
पिछले कई दिनों से पड़ रही झुलसने वाली गर्मी और लू के बीच मौसम के इस बदलाव को सतर्क रहने वाला भी बताया जा रहा है। जहाँ एक तरफ तापमान की अचानक सेहत के लिए नुकसान वाली हो सकती है वहीँ तेज हवा और वज्रपात से भी खतरा है।
भीषण गर्मी के चलते उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं अब मौसम विभाग ने 30 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है।
विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत 40 से अधिक जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई जिलों में हवाओं की रफ्तार काफी तेज रहने वाली है। बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, कन्नौज, कानपुर देहात और कानपुर नगर जैसे इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। इसके अलावा आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी सहित आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
प्रदेश के बड़े हिस्से में बादलों की आवाजाही के साथ मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर न रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह भी विभाग की ओर से दी गई है।