अपनी सैलरी से नाखुश एक चीनी महिला ने ऑफिस में 5 घंटे सोकर प्रोटेस्ट किया, और जब उसके बॉस ने उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी तो उसने ऑनलाइन कंप्लेंट दर्ज कर दी। इस महिला कर्मचारी ने विरोध करने का ऐसा तरीका चुना जिसने सभी को चौंका दिया है।
यह घटना चीन के शांगच्यू शहर की बताई जा रही है। एक चीनी अखबार के मुताबिक, यह महिला चीन के हेनान प्रांत की एक कंपनी में काम करती है। इस चीनी महिला कर्मचारी की एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। महिला ने ऑफिस टाइम में 5 घंटे सोने और बाद में रोने का अपना एक वीडियो पोस्ट करके लोगों का ध्यान खींचा है।
महिला का कहना है कि वह अपने बॉस के बर्ताव से तंग आ चुकी थी और अपनी कम सैलरी से नाखुश थी, लेकिन वह अपनी नौकरी नहीं छोड़ेगी और अपने बॉस को ‘जितना पैसा दो उतना काम करो’ का मतलब समझाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, महिला के बॉस ने जब उसे ऑफिस में सोते हुए देखा, तो वह नाराज हो गए। उन्होंने महिला को डांट लगाई और चेतावनी दी कि अगर ऐसा दोबारा हुआ तो नौकरी जा सकती है। इसके बाद महिला ने रोते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने खुद को सही बताया। उसने कहा कि उसके साथ कंपनी में न्याय नहीं हो रहा और वह सिर्फ अपनी बात रखना चाहती थी, नौकरी छोड़ने का उसका कोई इरादा नहीं है।
बताया जा रहा है कि विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक़, नींद से उठने के बाद महिला ने अपने बॉस के डेस्क से चॉकलेट खा ली। रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि बॉस को ग्लूकोज से जुड़ी बीमारी है और उन्हें समय-समय पर मीठा खाना जरूरी होता है। चॉकलेट न मिलने पर बॉस की तबीयत बिगड़ने की नौबत आ गई। इससे बॉस और ज्यादा गुस्से में आ गए और उन्होंने महिला पर गंभीर आरोप लगाए। बात बिगड़ने पर महिला ने अपने वीडियो में कहा कि बॉस ने उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी और यहां तक कह दिया कि उसने जानबूझकर ऐसा किया।