अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला जीत लिया। इसके साथ ही भारत टी-20 वर्ल्ड कप को तीसरी बार जीतने वाला पहला देश भी बन गया है।

भारत इससे पहले 2007 और 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर चुका है। 2026 की जीत के साथ भारत टी-20 वर्ल्ड कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली टीम भी बन गया है। कल के मैच में भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का लक्ष्य रखा था। मगर न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
कल का दिन भारतीय गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों के नाम रही। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने संजू, किशन और अभिषेक की तूफानी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 255 रन का बड़ा स्कोर बना डाला। जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में महज 15 रन देकर चार विकेट लिए। अक्षर पटेल ने भी तीन ओवर में 27 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया।
जसप्रीत बुमराह को शानदार परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं लगातार तीन फिफ्टी लगाने वाले संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम करने में कामयाब रहे।
न्यूजीलैंड के लिए 256 रन के विशाल स्कोर का तनाव और दबाव शुरुआत से ही महसूस हुआ। तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन ऐलन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद चौथे ओवर की पहली गेंद पर ही बुमराह ने रचिन रविंद्र को पवेलियन वापस भेज दिया।
पावरप्ले में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 52 रन ही स्कोर किए। इस बीच टिम साइफर्ट क्रीज ने 23 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। लेकिन 8वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन को पवेलियन वापस भेजा। उन्होंने महज तीन रन की पारी खेली। अगले ही ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को भी आउट कर दिया। इस समय तक न्यूजीलैंड ने महज 72 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए।
यहाँ से कप्तान मिचेल सैंटनर ने डैरिल मिचेल के साथ मिलकर न्यूजीलैंड की पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डैरिल मिचेल का विकेट लिया। इस बीच छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई।
बुरमाह ने 16वें ओवर में नीशन और हेनरी का विकेट लिया। फिर उन्होंने 18वें ओवर में सैंटनर को भी बोल्ड कर दिया। सैंटनर ने 43 रन बनाए। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा ने जेकब डफ़ी को पेवेलियन भेजा और न्यूजीलैंड इस तरह की पारी 159 रन पर आल आउट हो गई।
भारत की ओर से ओपनिंग करते हुए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने कमान संभाली और भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 के पार पहुंचाया। टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहली बार किसी टीम ने50 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप खेली है।
अभिषेक शर्मा ने 18 गेंद में फिफ्टी पूरी की। वहीं पावरप्ले में ही भारत का स्कोर 92 रन तक पहुंच गया। टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पावरप्ले में स्कोर किया गया हाईएस्ट स्कोर है।
ईशान किशन और संजू सैमसन ने 10 ओवर में टीम का स्कोर 127 रन तक पहुंच गया। संजू सैमसन ने 33 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की। संजू की ये लगातार तीसरी फिफ्टी है। संजू टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल और सेमीफाइनल में फिफ्टी लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने 14वें ओवर की आखिरी तीन गेंद पर रचिन रविंद्र के खिलाफ छक्कों की हैट्रिक लगाई।
ईशान किशन ने 23 गेंद पर फिफ्टी पूरी की और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 100 रन की पार्टनरशिप पूरी हुई। 15 ओवर में ही भारत का स्कोर 200 के पार हो गया था।
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने बीते 20 महीने में तीसरा आईसीसी खिताब जीता है। भारत जून 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन बना। उसके बाद मार्च 2025 में टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती और अब एक बार फिर से टी-20 वर्ल्ड कप का ख़िताब हासिल किया।
