प्रधानमंत्री मोदी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 3.0 का आज करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 3.0 का उद्घाटन करेंगे। यूपीआईटीएस 3.0 का यह पांच दिवसीय आयोजन गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसेइस आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों, क्षमताओं, नवाचार, अनुसंधान एवं विकास को वैश्विक मंच प्रदान करने के लिए किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 3.0 का आज करेंगे उद्घाटन

इस कार्यक्रम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- “ग्लोबल बिजनेस पोटेंशियल को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज से ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 3.0 का शुभारंभ होने जा रहा है। ‘नया उत्तर प्रदेश’ एक बार पुनः प्रदेश के प्रोडक्ट, पोटेंशियल के साथ ही इनोवेशन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट को वैश्विक मंच प्रदान करने हेतु तैयार है। पूर्ण विश्वास है कि 25 से 29 सितंबर तक होने वाला यह ट्रेड शो उद्यम एवं उद्यमिता को नई गति देने के साथ ही ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में सहायक होगा। प्रधानमंत्री का स्वागत है।”

इस ट्रेड शो की थीम है- ‘अल्टीमेट सोर्सिंग बिगिंस हेयर’ और इसका उद्देश्य इनोवेशन, इंटीग्रेशन और इंटरनेशनलाइजेशन को बढ़ावा देना है। यूपीआईटीएस 3.0 संस्करण में 2,500 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमे विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, हस्तशिल्प, कृषि, वस्त्र, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा, स्टार्टअप, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), बुनियादी ढांचा, भौगोलिक संकेतक (जीआई) उत्पादों और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) जैसी विविध श्रेणियों को शामिल किया गया है।

वहीँ ओडीओपी यानी ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ पवेलियन में 343 स्टॉल होंगे। इनमे भदोही के कालीन, फिरोजाबाद के कांच के काम, मुरादाबाद के धातु उत्पाद और सहारनपुर के लकड़ी के शिल्प जैसे स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

इस ट्रेड शो में भाग 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि लेंगे। रूस को यहाँ पार्टनर देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। बताते चलें कि रूस की 29 कंपनियां और प्रतिनिधिमंडल विशेष रूप से यहाँ शामिल होंगे।

इस आयोजन को कामयाब बनाने के साथ इसकी सुरक्षा का भी भरपूर इंतिज़ाम किया गया है। सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल पर करीब 5 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाईं गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *